मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में बड़े बदलाव की संभावना के बीच कई राज्यों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों को भी प्रवेश प्रक्रिया में वेटेज देने की मांग की है। परीक्षा सुधारों के लिए गठित नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय उच्चस्तरीय टास्क फोर्स के साथ परामर्श बैठकों में यह प्रस्ताव सामने आया है।
राज्यों का तर्क है कि मेडिकल प्रवेश के लिए केवल एक प्रतियोगी परीक्षा पर निर्भरता से कोचिंग संस्थानों का प्रभाव बढ़ रहा है। इससे विद्यार्थी नियमित स्कूली शिक्षा और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को अपेक्षाकृत कम महत्व दे रहे हैं। कुछ हितधारकों ने डमी स्कूलों की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई हबैठकों में नीट परीक्षा वर्ष में एक से अधिक बार आयोजित करने का सुझाव भी दिया गया, ताकि विद्यार्थियों पर एक परीक्षा का दबाव कम हो सके। इसके अतिरिक्त मौजूदा पेन-पेपर प्रणाली के स्थान पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) अपनाने पर विचार किया जा रहा है।
तमिलनाडु को छोड़कर अन्य दक्षिणी राज्यों ने सीबीटी प्रणाली का समर्थन किया है। शुरुआती चरण में विद्यार्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी चर्चा में है। राज्यों ने प्रत्येक जिले में कम से कम एक परीक्षा केंद्र स्थापित करने, डिजिटल परीक्षा ढांचे में निवेश बढ़ाने और परीक्षा एजेंसियों तथा राज्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता जताई है। टास्क फोर्स अब जनवरी 2027 तक अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है। हालांकि, 12वीं के अंकों को वेटेज देने या परीक्षा के प्रारूप में बदलाव पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।