सरकार ने गूगल, सेल्सफोर्स, पेगा सिस्टम्स, सर्वम एआई और ज्ञानी डॉट एआई के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौतों का आदान-प्रदान बेंगलुरु टेक समिट 2026 के 29वें संस्करण के उद्घाटन सत्र में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जेनरेटिव एआई, एजेंटिक एआई, एआई एजेंट डेवलपमेंट, वॉयस एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा एनालिटिक्स और रिस्पॉन्सिबल एआई जैसी तकनीकों को शामिल किया जाएगा। विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, उद्योग आधारित परियोजनाओं और प्रमाणन के अवसर मिलेंगे।
कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि एआई उद्योगों और रोजगार के स्वरूप को तेजी से बदल रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल एआई उपकरणों के उपयोग तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें नई तकनीक विकसित करने और वास्तविक समस्याओं के समाधान में सक्षम बनाना है।
इस अवसर पर आईआईआईटी बेंगलुरु में स्थापित कर्नाटक एआई हब सहित छह नवाचार पहलों को भी प्रस्तुत किया गया। इनमें रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, हेल्थटेक और डीपटेक से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
इस पहल से उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ने तथा युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


