राष्ट्रीय शहरी सहकारी बैंक एवं ऋण समिति महासंघ (NAFCUB) ने सहकारी ऋण समितियों के लिए व्यापक नीतिगत और नियामकीय सुधारों की मांग करते हुए नौ सूत्रीय दिल्ली घोषणापत्र अपनाया है। महासंघ के स्वर्ण जयंती समारोह के तहत आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से करीब 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने पेशेवर प्रबंधन, पारदर्शी ऑडिट, आधुनिक तकनीक, सदस्य केंद्रित ऋण वितरण और सहकारी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने छोटे व्यापारियों, एमएसएमई, महिलाओं और युवा उद्यमियों तक ऋण सुविधाएं पहुंचाने की अपील की।
जमा सुरक्षा और ऋण वसूली व्यवस्था मजबूत करने की मांग
घोषणापत्र में सहकारी ऋण समितियों के लिए DICGC की तर्ज पर जमा सुरक्षा व्यवस्था, SARFAESI अधिनियम के तहत ऋण वसूली का अधिकार, तरलता सहायता, सस्ती तकनीक और प्रशिक्षण के लिए वित्तीय सहयोग की मांग की गई। इसके अलावा बैंक बनने की इच्छुक ऋण समितियों के लिए आरबीआई के अनुरूप प्रवेश मानदंड और राज्य व राष्ट्रीय स्तर के सहकारी संगठनों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
देश में 86 हजार से अधिक सहकारी ऋण समितियां
NAFCUB के अध्यक्ष लक्ष्मी दास ने ऋण समितियों की लंबित समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। निदेशक उदय जोशी ने देश में 86 हजार से अधिक सहकारी ऋण समितियां होने के बावजूद अर्थव्यवस्था में उनके सीमित योगदान का मुद्दा उठाया। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के संयुक्त सचिव डॉ. के.के. त्रिपाठी ने TRUST फ्रेमवर्क के माध्यम से पारदर्शिता और पेशेवर प्रबंधन पर जोर दिया। सम्मेलन में साइबर धोखाधड़ी रोकने और डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।


