सहकारी संस्थाओं की दीर्घकालिक सफलता उनके वित्तीय आकार के बजाय पारदर्शिता, जवाबदेही और मजबूत गवर्नेंस पर निर्भर करेगी। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के संयुक्त सचिव डॉ. के.के. त्रिपाठी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं की विफलता अक्सर धोखाधड़ी से नहीं, बल्कि कठिन सवाल नहीं पूछने से शुरू होती है। उन्होंने बोर्ड के कामकाज में हस्तक्षेप, हितों के टकराव, नियामकीय जटिलताओं, सदस्यों की सीमित भागीदारी और कमजोर जोखिम प्रबंधन को प्रमुख चुनौतियां बताया।
रणनीतिक फैसलों तक सीमित रहे बोर्ड की भूमिका
त्रिपाठी ने कहा कि बोर्ड को रणनीतिक दिशा तय करने और प्रदर्शन की निगरानी पर ध्यान देना चाहिए, न कि दैनिक संचालन और व्यक्तिगत ऋण संबंधी फैसलों में हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने छोटी सहकारी संस्थाओं को पर्याप्त मार्गदर्शन और बड़ी संस्थाओं की सघन निगरानी की जरूरत बताई।
TRUST फ्रेमवर्क से मजबूत होगी सहकारिता
उन्होंने पारदर्शिता, जिम्मेदारी, उद्देश्य की एकजुटता, मजबूत प्रणालियों और विश्वास पर आधारित TRUST फ्रेमवर्क प्रस्तुत किया। इसके तहत समयबद्ध ऑडिट, डिजिटल रिकॉर्ड, निष्पक्ष खरीद प्रक्रिया, आंतरिक नियंत्रण और प्रभावी जोखिम प्रबंधन पर जोर दिया गया।
त्रिपाठी ने समय पर चुनाव, ई-वोटिंग, सामाजिक जवाबदेही और सदस्य जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की वकालत की। उन्होंने कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (MCA), जीएसटी नेटवर्क (GSTN) और बैंकिंग डेटाबेस के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं का स्वामित्व सहकारी मूल्यों पर आधारित रहे, लेकिन उनकी गवर्नेंस का स्तर कॉरपोरेट संस्थानों जैसा पेशेवर होना चाहिए।


