केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी विभाग 26 नवंबर 2026 को बिहार के पटना स्थित बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का आयोजन करेगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
दो लाख लीटर क्षमता वाले दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र की सौगात
पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में नमस्ते इंडिया के प्रतिदिन दो लाख लीटर क्षमता वाले दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा पटना और मुजफ्फरपुर में मिनरल मिक्सचर संयंत्र तथा समस्तीपुर में अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र का लोकार्पण होगा। दुग्ध सहकारी समितियों को डिजिटल दुग्ध संग्रहण एवं डेटा प्रोसेसिंग यूनिट भी वितरित की जाएंगी।
डेयरी सहकारी संस्थाओं की होगी रेटिंग और ग्रेडिंग
कार्यक्रम में डेयरी सहकारी समितियों और दुग्ध उत्पादक संगठनों की रेटिंग एवं ग्रेडिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया जाएगा। इसका उद्देश्य संस्थागत दक्षता, पारदर्शिता और कारोबारी प्रदर्शन में सुधार करना है। इसके साथ ही विकसित भारत 2047 के तहत जलवायु अनुकूल पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र का रोडमैप और बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स 2026 जारी किए जाएंगे।
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार का होगा वितरण
केंद्रीय मंत्री उत्कृष्ट डेयरी किसानों, कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों और दुग्ध सहकारी संस्थाओं को राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में सुधा ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी भी लॉन्च की जाएगी। इन पहलों से दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता, मूल्य संवर्धित डेयरी उत्पादों के कारोबार और किसानों की बाजार तक पहुंच बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


