देश के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) में उभरती तकनीकों की शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए करीब 6,000 नई सीटें जोड़ने की योजना है। ये सीटें रोबोटिक्स, फिजिकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और स्पेस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रमों में उपलब्ध होंगी।
भूपत एंड ज्योति मेहता फैमिली फाउंडेशन (MFF) वर्ष 2027 से विभिन्न IITs के साथ साझेदारी में इन विशेष पाठ्यक्रमों के विकास में सहयोग करने की योजना बना रहा है। फाउंडेशन इससे पहले छह IITs में कई केंद्रों की स्थापना में सहयोग कर चुका है।
रोबोटिक्स और फिजिकल AI में 5,000 सीटें
फाउंडेशन के अनुसार, प्रस्तावित 6,000 सीटों में से 5,000 सीटें रोबोटिक्स और फिजिकल AI के लिए निर्धारित की गई हैं। इनमें बीटेक की 2,500, मास्टर्स की 1,200 और पीएचडी की 1,300 सीटें शामिल हैं।
स्पेस इंजीनियरिंग में 1,000 नई सीटें
स्पेस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के लिए 1,000 सीटें प्रस्तावित हैं। इनमें बीटेक की 500, मास्टर्स की 300 और पीएचडी की 200 सीटें शामिल होंगी।
उभरती तकनीकों में बढ़ेंगे करियर के अवसर
इस पहल से विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे तेजी से विकसित होते क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित पाठ्यक्रमों से तकनीकी विशेषज्ञता, नवाचार और अनुसंधान क्षमताओं को बढ़ावा मिल सकता है। साथ ही, उद्योगों की बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी। यह पहल भारत में उन्नत प्रौद्योगिकी शिक्षा और अनुसंधान के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।


