देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान बिट्स पिलानी का एंडोमेंट फंड 5.4 करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया है। संस्थान ने महज 23 महीने पहले 10 करोड़ डॉलर का एंडोमेंट फंड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। बिट्स पिलानी के समूह कुलपति वी. रामगोपाल राव ने यह जानकारी दी।
वित्त वर्ष 2025-26 में संस्थान को पूर्व छात्रों से रिकॉर्ड 82 करोड़ रुपये का योगदान मिला। यह पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 43 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2017-18 में पूर्व छात्र संबंध कार्यालय की स्थापना के समय की तुलना में वार्षिक योगदान लगभग 90 गुना बढ़ गया है। आंकड़ों के अनुसार, अब तक पूर्व छात्रों का कुल योगदान 256 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। इस राशि का उपयोग बिट्स पिलानी के विभिन्न परिसरों में शैक्षणिक और संस्थागत पहलों को सहयोग देने के लिए किया गया है। संस्थान के 24 से अधिक पूर्व छात्रों और पूर्व छात्र समूहों ने व्यक्तिगत रूप से या सामूहिक तौर पर कम से कम 10 लाख डॉलर का योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई है।
योगदानकर्ताओं में उद्यमी, कंपनियों के संस्थापक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, वैज्ञानिक, पूर्व छात्र समूह और पूर्व छात्रों के नेतृत्व वाली कंपनियां शामिल हैं। भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों से संस्थान को वित्तीय सहयोग मिल रहा है। समूह कुलपति वी. रामगोपाल राव ने कहा कि 10 करोड़ डॉलर का एंडोमेंट फंड बनाने का लक्ष्य महत्वाकांक्षी था, लेकिन पूर्व छात्रों ने असाधारण उदारता दिखाई है। यह उपलब्धि भारतीय उच्च शिक्षा संस्थानों में पूर्व छात्रों की भागीदारी और दीर्घकालिक वित्तीय संसाधन जुटाने की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाती है।


