वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) के विकासशील देशों के बीच कृषि अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और विकासशील देशों के लिए अनुसंधान एवं सूचना प्रणाली (आरआईएस) ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
समझौते का आदान-प्रदान आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट और आरआईएस के महानिदेशक प्रो. सचिन कुमार शर्मा ने किया। इसके तहत कृषि प्रौद्योगिकी, आधुनिक खेती की सर्वोत्तम पद्धतियों और क्षमता निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
यह सहयोग दक्षिण-दक्षिण सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से स्थापित ‘दक्षिण-ग्लोबल साउथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (DAKSHIN) के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। इसका प्रमुख उद्देश्य समान कृषि-जलवायु परिस्थितियों वाले विकासशील देशों के बीच अनुसंधान अनुभवों, तकनीकी नवाचारों और कृषि संबंधी जानकारियों को साझा करना है।
आईसीएआर के पास 114 अनुसंधान संस्थानों, 152 क्षेत्रीय केंद्रों और 731 कृषि विज्ञान केंद्रों का व्यापक नेटवर्क है। इस संस्थागत क्षमता का उपयोग अंतरराष्ट्रीय कृषि सहयोग, वैज्ञानिक अनुभवों के आदान-प्रदान और प्रशिक्षण गतिविधियों को मजबूत करने में किया जा सकेगा।
यह समझौता वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच साझेदारी मजबूत करने पर आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय नीतिगत संवाद के दौरान हुआ। कार्यक्रम में विशेष रूप से भारत-अफ्रीका कृषि सहयोग को प्राथमिकता दी गई।
इस पहल से विकासशील देशों को कृषि अनुसंधान और तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही खाद्य सुरक्षा, टिकाऊ कृषि विकास और कृषि क्षेत्र में क्षमता निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा मिल सकेगी।


