उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 28 नवंबर 2026 को वाराणसी में काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन के समापन समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। कार्यक्रम में तमिलनाडु से 1,400 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना से प्रेरित इस पहल का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषाई और सभ्यतागत संबंधों को मजबूत करना तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देना है।
तिरुक्कुरल पर केंद्रित होगा आयोजन
इस वर्ष आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम–तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ है। महान तमिल कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल के 1,330 दोहों में नैतिकता, सुशासन, मानवीय संबंधों और जिम्मेदार जीवन के सिद्धांतों का वर्णन है।
एक हजार शिक्षण संस्थानों में होगा तिरुक्कुरल का अध्ययन
देशभर के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष छात्र सहभागिता कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। चयनित पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित शर्तें पूरी करने पर 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों को शोध आलेख तैयार करने और अपने संस्थान में तिरुक्कुरल पर प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा तमिलनाडु के 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे।
काशी, प्रयागराज और अयोध्या का भ्रमण करेंगे प्रतिनिधि
प्रतिनिधियों को सात समूहों में काशी विश्वनाथ मंदिर, रामनगर किला, प्रयागराज के त्रिवेणी संगम और अयोध्या के श्रीराम मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा आईआईटी मद्रास, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सम्मेलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, हस्तशिल्प प्रदर्शनियां और साहित्यिक गतिविधियां भी होंगी।


