केंद्रीय पशुपालन और डेयरी विभाग ने बिहार के पटना स्थित बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 का आयोजन किया। समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण डेयरी परियोजनाओं का लोकार्पण और नई पहलों का शुभारंभ किया गया।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन होता है, जिसे बढ़ाकर एक करोड़ लीटर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बिहार में दुग्ध उत्पादन में 91 प्रतिशत वृद्धि
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बताया कि वैश्विक दुग्ध उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत है। वर्ष 2013-14 की तुलना में देश के दुग्ध उत्पादन में करीब 84 प्रतिशत वृद्धि हुई है। बिहार में दुग्ध उत्पादन 7.19 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर 2025-26 में 13.76 मिलियन मीट्रिक टन हो गया है। समारोह में राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स 2026 भी जारी किया गया, जिसके अनुसार देश में कुल दुग्ध उत्पादन 253.81 मिलियन टन रहने का अनुमान है।
डेयरी बुनियादी ढांचे को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम में पटना और मुजफ्फरपुर में मिनरल मिक्सचर प्लांट तथा समस्तीपुर में जलशोधन संयंत्र का लोकार्पण किया गया। बिहटा में प्रतिदिन दो लाख लीटर क्षमता वाला दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इसके अलावा डेयरी सहकारी समितियों और दुग्ध उत्पादक संगठनों की रेटिंग एवं ग्रेडिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं और ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया गया। पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु-अनुकूल रोडमैप भी जारी किया गया। समारोह में सुधा ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी लॉन्च की गई। इन पहलों का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, ग्रामीण रोजगार सृजित करना, महिला सशक्तीकरण और डेयरी क्षेत्र के सतत विकास को प्रोत्साहित करना है।


