नई दिल्ली में 27 नवंबर 2026 को दो दिवसीय विद्युत मंत्रियों के सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के बिजली क्षेत्र ने उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और राष्ट्रीय विद्युत ग्रिड को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। अब समय आ गया है कि बिजली क्षेत्र के विकास के लिए एकीकृत और दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाया जाए।
बिजली क्षेत्र के लिए एकीकृत योजना की जरूरत
मनोहर लाल ने कहा कि बिजली उत्पादन, ऊर्जा भंडारण, पारेषण और वितरण को अलग-अलग क्षेत्रों के रूप में देखने के बजाय एक समग्र प्रणाली के रूप में विकसित करना होगा। इसके लिए केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने बिजली क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को साकार करने के लिए निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।
स्मार्ट मीटरिंग को बढ़ावा देने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने राज्यों से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण लाभ लेकर आएंगे। सम्मेलन में संशोधित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत स्मार्ट मीटरिंग, फीडर पृथक्करण और घरेलू विद्युतीकरण से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
डिस्कॉम की वित्तीय मजबूती बनाए रखना जरूरी
मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र और राज्यों के संयुक्त प्रयासों तथा विद्युत मंत्रालय की विभिन्न पहलों के परिणामस्वरूप बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) ने लंबे समय बाद सामूहिक रूप से लाभ दर्ज किया है।
उन्होंने वित्त वर्ष 2024-25 में डिस्कॉम के सामूहिक रूप से कर पश्चात लाभ (पीएटी) दर्ज करने पर राज्यों और वितरण कंपनियों को बधाई दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस वित्तीय सुधार को बनाए रखना महत्वपूर्ण है। इसके लिए नीतिगत, परिचालन और नियामकीय स्तर पर आवश्यक सुधारों को आगे बढ़ाना होगा, ताकि वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति और मजबूत हो सके।
ऊर्जा भंडारण और पारेषण नेटवर्क पर विशेष ध्यान
केंद्रीय मंत्री ने संसाधन पर्याप्तता योजनाओं के क्रियान्वयन, ऊर्जा भंडारण क्षमता के तेजी से विस्तार, अंतरराज्यीय एवं राज्य के भीतर बिजली पारेषण से जुड़े मुद्दों, वितरण कंपनियों की वित्तीय व्यवहार्यता और परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के लिए स्थलों से संबंधित विषयों को सम्मेलन के प्रमुख एजेंडे में शामिल बताया।
इस सम्मेलन में 28 राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों के विद्युत मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और बिजली नियामक भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य बिजली क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान तलाशने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और आवश्यक सुधारों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाना है।


