डॉक्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए आने वाले सालों में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर खुल सकते हैं। केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक देश में मेडिकल की 75 हजार अतिरिक्त सीटें जोड़ने का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि सरकार इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे MBBS के साथ-साथ पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) की पढ़ाई करने वाले छात्रों को भी फायदा मिल सकता है।
जेपी नड्डा ने बुधवार को नई दिल्ली में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल के आठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। भारत मंडपम में आयोजित इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी मौजूद रहे। इस दौरान VMMC और सफदरजंग अस्पताल के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न भी मनाया गया।
मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 863 हुई
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या पहले 387 थी, जो अब बढ़कर 863 हो गई है। वहीं एम्स की संख्या भी 20वीं सदी के अंत में एक से बढ़कर अब 23 हो गई है।
MBBS की सीटें बढ़कर 1.43 लाख हुईं
मेडिकल शिक्षा के विस्तार का असर MBBS सीटों पर भी देखने को मिला है। जेपी नड्डा के मुताबिक, देश में MBBS की सीटें पहले करीब 51 हजार थीं, जो अब बढ़कर लगभग 1.43 लाख हो गई हैं। इससे NEET UG के माध्यम से मेडिकल में दाखिला लेने वाले उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध सीटों की संख्या बढ़ी है।
PG मेडिकल सीटों में भी हुआ इजाफा
पोस्ट ग्रेजुएशन मेडिकल सीटों की संख्या में भी बड़ा विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि PG सीटें पहले करीब 31 हजार थीं, जो अब बढ़कर लगभग 91 हजार हो गई हैं। PG की पढ़ाई के जरिए डॉक्टर विभिन्न विशेषज्ञताओं में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। ऐसे में सीटों की संख्या बढ़ने से भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
सरकार का लक्ष्य 2029 तक मेडिकल की 75 हजार अतिरिक्त सीटें जोड़ना है।


