उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपीटीईटी-2026 (UPTET) की परीक्षा और आवेदन का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार परीक्षा का आयोजन 26 और 27 फरवरी 2027 को किया जाएगा। वहीं ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 नवंबर 2026 से शुरू होगी और 23 दिसंबर 2026 तक चलेगी।
आवेदन से पहले जरूरी होगा OTR
इस बार यूपीटीईटी आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य किया गया है। यानी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले ओटीआर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार विज्ञापन संख्या 10/2026 आगामी 24 नवंबर 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। इसी दिन से ओटीआर और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी।
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की होगी परीक्षा
यूपीटीईटी-2026 के तहत दो स्तरों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्राथमिक स्तर की परीक्षा कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों के लिए और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के लिए होगी। अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता और पात्रता के अनुसार परीक्षा का विकल्प चुनना होगा।
27 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन में सुधार
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक, अभ्यर्थियों को आवेदन में हुई गलतियों को सुधारने का मौका भी दिया जाएगा। उम्मीदवार 27 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। ऐसे में आवेदन करते समय नाम, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी गई है।
अभ्यर्थी यूपीटीईटी-2026 से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता और आवेदन निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक https://uptet.upessc.org/otr/info के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।


