न्यूजीलैंड से पांच टी 20 और पांच वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज जीतने के बाद अब कप्तान शुभमन गिल भारत के दौरे का समापन मेजबान टीम से दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी जीत कर करना चाहते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे पहले क्रिकेट टेस्ट से दो दिन पहले भारत के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘बेशक हम न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरना चाहेंगे। हमने न्यूजीलैंड में टेस्ट मैचों में यह देखा है कि शुरू के दो दिन पिच इसके आखिरी तीन दिन से कुछ अलग होती है। हम बेशक चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरना चाहते हैं लेकिन हमें अभी यह तय नहीं किया है कि ये चार तेज गेंदबाज कौन होगे। हम सभी पहलुओं को जेहन में रख कर इन चार तेज गेंदबाजों को चुनना चाहता है। हमने कई बार देखा है कि टेस्ट मैच में तीसरे,चौथे व पांचवें दिन जब तेज गेंदबाज पुरानी गेंद से गेंदबाजी करते हैं तो तब पिच कुछ सपाट हो जाती है। तब हमारी गेंदबाजी इकाई के रूप में हम किसी ऐसे तेज गेंदबाज को चाहते हैं जिसके पास रफ्तार हो और बराबर सही जगह गेंदबाजी करे और साथ हम एक छोर से ऐसे स्पिनर को अपनी एकादश में रखना चाहेंगे जसे कि नियंत्रण के साथ गेंदबाजी करे क्योंकि तब तेज बहती हवा के खिलाफ गेंदबाजी करना आसान नहीं होगा। जब कोई तेज गेंदबाज खासतौर पर हवा के रुख उलट गेंदबाजी करता है तो उसकी धार आधी हो जाती है। ऐसे में अपनी टीम में चार तेज गेंदबाजों को शामिल करने से पहले हम कई पहलुओं की बाबत सोचेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘ हम सात खालिस बल्लेबाजों को अपनी एकादश में शामिल करने की सोच रहे हैं। फिर आठवें और नौवें नंबर तेज आकाशदीप और अंशुल काम्बोज के रूप में ऐसे तेज गेंदबाज हैं जो कि कुछ बल्लेबाजी कर लेते हैं। हम यदि नीतिश रेड्डी के साथ भी उतरते हैं तो फिर वह एक योग्य बल्लेबाज हैं और बढ़िया तेज गेंदबाज भी है। ऐसे में हम टेस्ट मैच के लिए अपने सही संयोजन की बाबत गंभीरता से सोचेंगे। ऐसे में वाकई यदि दूसरी पारी की बात करूं तो तब इसमें स्पिनर की भूमिका एक छोर से बल्लेबाज को रन बनाने से रोकने की रहेगी। गेंद के पुरानी पड़ जाने पर हमें तब ऐसे तेज गेंदबाज की जरूरत होगी जो की जान लगाकर 140 किलोमीटर और 135 किलोमीटर की रफ्तार से गेंद कर सके। हमने देखा कि कूकाबरा गेंद के पुरानी पड़ने और उसकी सीम के कुछ घिस जाने पर पिच पर नई गेंद की तरह मूव नहीं करती है। ऐसे में आपको जान कर पिच पर गेंद को पटकने और विकेट लेने के मौके बनाने वाले गेंदबाज की जरूरत होती है।ऐसे में हम अपने गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे लंबे कद के जान लगाकर गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज में से किसी एक को एकादश में शामिल करने की बाबत सोचेंगे।’
भारत 2020 में जब मेजबान न्यूजीलैंड से दो टेस्ट की सीरीज 0-2 से हारा तब शुभमन गिल टीम में जरूर शामिल थे लेकिन उन्हें एकादश में जगह नहीं मिल पाई थी।
शुभमन गिल कहते हैं, ‘ जहां तक मुझे 2020 की इस टेस्ट सीरीज की याद है तो तब न्यूजीलैंड ने हमें अलग अलग क्षेत्रों में चुनौती दी और हमने भी उन्हें चुनौती दी लेकिन हम उन्हें अलग अलग तरह से चुनौती नहीं दे पाए थे। मेरा मानना है कि तब न्यूजीलैंड की टीम हमसे ज्यादा तैयार थी और उसे मालूम था कि अपनी ताकत के मुताबिक हमारी कमजोरी को कैसे भुना सकते हैं। मैंने इसीलिए कहा कि आप सभी पहलुओं को जेहन में रख कर ही हम चार तेज गेंदबाजों को अपनी एकादश में शामिल करना चाहते हैं। अगर पिच कुछ मददगार हो और गेंद सीम हो रही हो तब आप जरूर चाहेंगे कि आपके पास लगातार सही जगह पर गेंद डालने वाले तेज गेंदबाज हों। यदि गेंद ज्यादा हरकत नहीं कर रही तब आप ऐसे गेंदबाज को एकादश में शामिल करना चाहेंगे जो कि जान लगा कर बराबर तेज गेंद कर सके। हम सभी पहलुओं को जेहन में रख कर हम यदि अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक खेले तो फिर बेशक न्यूजीलैंड को टेस्ट सीरीज में शिकस्त दे सकते हैं।


