बैठक में सहकारी बैंकिंग, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) से जुड़े नीतिगत, नियामकीय और परिचालन संबंधी मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।चर्चा का प्रमुख उद्देश्य सहकारी वित्तीय संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाना, वित्तीय संसाधनों तक उनकी पहुंच आसान बनाना और सहकारी क्षेत्र के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण तैयार करना रहा।
अधिकारियों ने सहकारी बैंकिंग में नियामकीय सुधार, बैंकिंग परिचालन, ऋण विस्तार, निवेश अवसरों और संस्थागत सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर चर्चा की। विशेष रूप से सहकारी संस्थाओं को अधिक ऋण उपलब्ध कराने और नियामकीय आवश्यकताओं को तर्कसंगत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि सहकारी संस्थाओं की वित्तीय क्षमता बढ़ाने के साथ उनकी परिचालन दक्षता और दीर्घकालिक स्थिरता कैसे सुनिश्चित की जाए। वित्तीय समावेशन को व्यापक बनाने तथा सहकारी संगठनों की संस्थागत क्षमता मजबूत करने को भी प्राथमिकता दी गई।
इस पहल से सहकारी वित्तीय संस्थानों और सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने तथा सहकारी क्षेत्र में निवेश और ऋण वितरण के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।बैठक में सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव पंकज कुमार बंसल, संयुक्त सचिव रमन कुमार, वित्तीय सेवा विभाग की निदेशक श्वेता राव बी. सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक सहकारी बैंकिंग के आधुनिकीकरण और सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम वित्तीय व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


