कर्नाटक स्थित सिद्धसिरी मल्टी स्टेट मल्टी पर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के वित्तीय लेनदेन नियामकीय जांच के दायरे में आ गए हैं। केंद्रीय सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार (सीआरसीएस) ने समिति से निवेश, ऋण वितरण, नकदी उपलब्धता और लेखापरीक्षा अनुपालन से संबंधित विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है।
नियामक ने चिंचोली शुगर एंड बायो इंडस्ट्रीज लिमिटेड में समिति के लगभग 1,065 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर सवाल उठाए हैं। इस कंपनी में समिति के अध्यक्ष एवं विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल के पुत्र रामनगौड़ा पाटिल कथित तौर पर निदेशक हैं।नियामक की ओर से कथित तौर पर बिना गारंटी वाले ऋण, ब्याजमुक्त ऋण योजनाओं, निवेश पर मिलने वाले प्रतिफल और संबंधित पक्षों के साथ वित्तीय लेनदेन के खुलासे पर जानकारी मांगी गई है। वैधानिक ऑडिट रिपोर्ट, वित्तीय विवरणों पर हस्ताक्षर और समवर्ती लेखापरीक्षा संबंधी अनुपालन भी समीक्षा के दायरे में हैं।
विजयपुरा स्थित यह समिति अक्टूबर 2025 में राज्यस्तरीय संस्था से बहुराज्यीय सहकारी समिति बनी थी। इस घटनाक्रम को सहकारिता मंत्रालय के 14 अक्टूबर 2026 को घोषित बहुराज्यीय सहकारी समितियां लेखापरीक्षक रिपोर्ट आदेश, 2026 के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए ढांचे में निवेश, जमा, ऋण, तरलता और संबंधित पक्षों के लेनदेन की मानकीकृत रिपोर्टिंग तथा जोखिम आधारित निगरानी का प्रावधान है। शुरुआती चरण में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के निर्धारित वित्तीय मानकों वाली बड़ी समितियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


