भोपाल। हरियाणावी छोरियों दीपिका सहरावत, नेहा गोयल और इशिका की त्रिमूर्ति के तीसरे क्वॉर्टर में बेहतरीन तालमेल और आक्रामक हॉकी की बदौलत अजेय भारत ने एक गोल से पिछड़ने के बाद पांच मिनट के भीतर तीन गोल कर चीन की दीवार को मध्य प्रदेश एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी भोपाल 2026 के फाइनल में गिराकर उसे 3-1 से हराया और लगातार तीसरी और कुल रिकॉर्ड चौथी बार खिताब जीत कर एशिया में अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखी। जैसे ही फाइनल की आखिरी सीटी बजी तो मैदान पर ‘चक दे इंडिया‘ गीत की तान पर पूरा स्टेडियम झूठ उठा। चीन की ओर से इकलौता गोल यूजुन चेन ने दागा।
भारत की जीत की नायिका फाइनल में दो गोल करने वाली मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दीपिका सहरावत को मैच के आखिरी क्वॉर्टर में पेनल्टी कॉर्नर के साथ मैदानी गोल कर अपनी टूर्नामेंट की तीसरी हैट्रिक पूरी करने का मौका मिला, लेकिन बहुत करीब से उनके फ्लिक पर गेंद गोल के ऊपर से बाहर चली गई। यह भी दिलचस्प संयोग है कि भारत ने 2024 के संस्करण में राजगीर में अपने घर में दीपिका सहरावत के ही इकलौते गोल से फाइनल में चीन को हरा कर तीसरी बार खिताब जीता था। भारत को मैच में सात पेनल्टी कॉर्नर मिले और इसमें से दो गोल में बदला, जबकि चीन आधा दर्जन पेनल्टी कॉर्नर में एक को भी गोल में बदलने में नाकाम रहा।
भारत की महिला हॉकी टीम लगातार तीसरी और कुल छठी बार फाइनल में पहुंची थी। भारत की ऑलराउंडर ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत ने फाइनल में दो गोल और पहले इस टूर्नामेंट में दो हैट्रिक सहित सबसे ज्यादा 12 गोल किए। भारत की महिला टीम ने इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में खिताब जीता था। साथ ही 2013 और 2018 में उपविजेता और 2010 में तीसरे और 2011 में चौथे स्थान पर रही थी। वहीं चीन इससे पहले तीन बार 2011, 2016 और 2024 में उपविजेता रही थी। भारत ने राउंड रॉबिन लीग में अपने अभियान का आगाज ही एक गोल से पिछड़ने के बाद लगातार चार गोल कर मलेशिया पर 4-1 की जीत के साथ किया था। चीन की कोशिश शनिवार को भारत से फाइनल जीत कर यहां राउंड रॉबिन लीग में मिली 2-6 की बड़ी हार के साथ 2024 के राजगीर में खेले गए पिछले और आठवें संस्करण के फाइनल में 0-1 की हार का हिसाब चुका कर पहली बार खिताब जीतने की थी जो फिर अधूरी रही।
चीफ कोच शुएर्ड मराइन के मार्गदर्शन और कप्तान आक्रामक सलीमा टेटे की जुगलबंदी में भारत ने महिला हॉकी विश्व कप में पांचवें स्थान पर रहने के बाद 2026 में नगोया (जापान) एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के साथ साल 2026 का समापन महिला एशियन चैंपियन ट्रॉफी जीत कर किया।
तीसरे क्वॉर्टर में चीन की वूमैन टू वूमैन मार्किंग की रणनीति का दांव उसके उलटा पड़ा। भारत की अनुभवी आक्रामक सेंटर हाफ नेहा गोयल और दीपिका सहरावत ने तालमेल से खेलते हुए भारत को 37 वें मिनट में वां पेनल्टी कॉर्नर दिलाया इस पर दीपिका सहरावत ने गोल कर भारत को एक एक की बराबरी दिला दी। चार मिनट बाद नेहा गोल के बेहतरीन पास पर इशिका ने गोल कर भारत को 2-1 से और अगले मिनट में नेहा को धकियाने पर मिले छठे पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका ने मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को 3-1 से आगे कर दिया।
चीन ने आक्रामक अंदाज में आगज किया और पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन भारत की रशर कप्तान सलीमा टेटे ने समय रहते गेंद को अपने कब्जे में कर गेंद को गोल से बाहर किया। भारत को दसवें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस पर नेहा केफ्लिक पर गोलरक्षक के पैड को लगकर लौटती गेंद को कप्तान सलीमा टेटे दाएं गेंद को गोल में डालने से चूक गई। चीन को पहलाक्वॉर्टर खत् होने से ठीक पहले दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारत की रक्षापक्ति ने दोनों को ही रोक कर बेकार किया। हेयान जांग ने दाएं सेक्रॉस डी में दिया और वहां दनदन जू केफ्लिक को गोलरक्षक बिच्छू देवी खरीबम ने रोका लेकिन गोलरेखा के दाएं पहुंची यूजुन चेन ने गेंद को गोल में डाल कर चीन को 1-0 से आगे कर दिया। इशिका ने दो मिनट बाद डी के भीतर गोल करने और भारत को बराबरी दिलाने का मौका मिला। चीन की टीम हाफ टाइम तक 1-0 से आगे थी। तीसरेक्वॉर्टर में पांच मिनट तीन गोल से भारत ने फाइनल का पासा ऐसा पलटा की चीन की टीम बेबस नजर आई।
ससाकी की हैट्रिक से जापान ने जीता कांसा
रिसा ससाकी (11वें, 32वें व 47वें) की शानदार हैट्रिक व ननामी केनिको (23 वें 55वें मिनट ) के दो गोल की बदौलत जापान ने मलेशिया को 5-2 से हराकर कांसा जीता। पराजित मलेशिया की ओर से फतिमा शुक्री (22वें मिनट) व नूर मिराह जुल्फिकली (28वें मिनट) ने एक एक गोल किया। रिसा ससाकी ने रिको मासूयामा के दाएं से बढ़िया पास पर डी में गेंद संभाल तेज शॉट जमा मैच के 11 वें मिनट में गोल का जापान का खाता खोला। फातिमा शुक्री ने तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर मैच के 22 वे मिनट मे गोल कर मलयेशिया को एक एक की बराबरी दिला दी। ननामी केनिको ने मलयेशिया की डिफेंडर से गेंद छीनी और उसकी गोलरक्षक नूर जैनुल के उपर से गेंद को डी के भीतर स्कूप कर गोल में डाल कर जापान को 23 में मिनट में फिर 2-1 कर दिया। नूर मिराह जुल्फिकली ने 28 वें मिनट में जापान के गोल पर मची भगदड़ में गोल कर गोल मलेशिया को फिर दो दो की बराबरी दिला दी। हाफ टाइम तक दोनों टीमें दो दो गोल से बराबर थीं।
रिसा ससाकी ने तीसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर लौटती गेंद को गोल में डाल मैच का अपना दूस जापान को 3-2 से आगे कर दिया। हरूका कावागाची के शॉट को मलयेशिया की गोलरक्षक जैनुल ने रोका लौटती गेंद को वहीं डी में खड़ी रिसा ससाकी ने लपक कर संभाल कर फ्लिक कर गोल में डाल कर अपना मैच का दूसरा गोल कर मैच के 47वें मिनट में 4-2 से आगे कर दिया। ननामी कनेको ने खेल खत्म होने से पांच मिनट पहले मैच का अपना दूसरा गोल कर जापान को 5-2 से आगे कर उसकी जीत और कांसा पक्का कर दिया।
फाइनल में भीड़ अनियंत्रित
भारत और चीन के बीच फाइनल में बरखेड़ा नाथू का छोटा सा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम अव्यवस्था का शिकार रहा। जापान और मलेशिया के बीच कांसे के लिए हुए मुकाबले में ही क्षमता से ज्यादा दर्शकों के आने से अनियंत्रित भीड को काबू करने के लिए स्टेडियम में कोई व्यवस्था ही नहीं थी। भीड़ को रोकने के लिए अपर्याप्त पुलिसकर्मी थे। ऐसे में किसी भी क्षण भगदड़ की आशंका हर किसी खेल संवाददाता को परेशान करती रही। बेशक हॉकी के लिए दर्शकों की ज्यादा से ज्यादा भीड़ हॉकी के लिए उत्साह की बात हो सकती है, लेकिन भीड़तंत्र को रोकने की अपर्याप्त व्यवस्था से हर कोई बस यही कामना कर रहा था कि यह फाइनल ठीक ठाक सम्पन्न हो जाए और दर्शक किसी तरह सुरक्षित अपने अपने घरों को सुरक्षित लौट जाएं। संयोग से अंत भला तो सब भला।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने हॉकी प्रेमियों को फाइनल में चीन पर जीत के साथ खिताब का तोहफा दिया। सांस्कृतिक आयोजन और फिर भाषणबाजी के चलते भारत की लड़कियों को चीन के खिलाफ अहम फाइनल से पहले वॉर्म अप का भी पर्याप्त समय नहीं मिला। इन सभी व्यवस्था के चलते फाइनल समय से करीब 20 मिनट देर से शुरू हुआ। भारत का राष्ट्रगान दो बार बजा। पहली बार मध्य प्रदेश पुलिस ने बजाया और दूसरी बार फाइनल शुरू होने से पहले बजा।


