छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और पीढ़ियों से संरक्षित जनजातीय कला को राष्ट्रपति भवन में विशेष पहचान मिली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ जिलों से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। यह अवसर प्रदेश की पारंपरिक कारीगरी, सांस्कृतिक विरासत और शिल्पकारों के कौशल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने का प्रतीक बना।
राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड में पंजीकृत बेलमेटल शिल्पकारों से मिलने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी क्रम में शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा। इस अवसर पर बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की बेलमेटल शिल्पकला, विशेष रूप से बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा परंपरा, अपनी विशिष्ट धातु ढलाई तकनीक और बारीक कारीगरी के लिए पहचानी जाती है। इस कला में देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की झलक दिखाई देती है।
कोंडागांव के शिल्पकार कई पीढ़ियों से पारंपरिक ज्ञान और कौशल को संरक्षित करते हुए इस कला को जीवंत बनाए हुए हैं। उनकी कलाकृतियां केवल सजावटी वस्तुएं नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और शिल्प परंपरा की अभिव्यक्ति हैं।राष्ट्रपति भवन में शिल्पकारों की यह मुलाकात पारंपरिक हस्तकलाओं के संरक्षण और उनके राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करती है। यह सम्मान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ पारंपरिक शिल्पकारों की कला, कौशल और पीढ़ियों की साधना को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


