इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस 2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द कर दिया है। अदालत ने आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची तैयार करने का आदेश दिया है। संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया भी दोबारा आयोजित की जाएगी।
दोबारा नहीं होगी प्रारंभिक परीक्षा
अभ्यर्थियों के अधिवक्ता के अनुसार, पीसीएस 2025 की प्रारंभिक परीक्षा दोबारा आयोजित नहीं की जाएगी। पूर्व में आयोजित परीक्षा के अंकों के आधार पर ही संशोधित मेरिट सूची तैयार होगी। इसमें पात्र अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और प्राप्त अंकों के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में शामिल किया जाएगा।
आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने दायर की थी याचिका
यह मामला आरक्षित वर्ग के उन अभ्यर्थियों से जुड़ा है, जिनके अंक अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक थे। इसके बावजूद उन्हें अनारक्षित श्रेणी में स्थान नहीं मिला और वे मुख्य परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए।
याचिकाकर्ताओं ने अदालत में दलील दी थी कि अनारक्षित श्रेणी किसी विशेष वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर चयन का अवसर मिलना चाहिए।
28 सितंबर को सुरक्षित रखा था फैसला
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद 28 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रखा था। अदालत ने उस समय साक्षात्कार जारी रखने की अनुमति दी थी, लेकिन अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी। अब 27 नवंबर को हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द करते हुए संशोधित मेरिट सूची तैयार करने का आदेश दिया है। इससे पीसीएस 2025 की आगे की चयन प्रक्रिया प्रभावित होगी।


