भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के दौरान उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात 44 प्रतिशत बढ़कर 31.97 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 22.20 अरब डॉलर था। इस वृद्धि में स्मार्टफोन के साथ गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्मार्टफोन निर्यात 35.8 प्रतिशत बढ़कर 18.17 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं, गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स का निर्यात 56.5 प्रतिशत बढ़कर 13.79 अरब डॉलर हो गया। कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में इस श्रेणी की हिस्सेदारी 39.7 प्रतिशत से बढ़कर 43.2 प्रतिशत पहुंच गई।
प्रिंटेड सर्किट बोर्ड के पुर्जों और एक्सेसरीज का निर्यात 3,219 प्रतिशत बढ़कर 2.10 अरब डॉलर पहुंच गया। इसमें सिंगापुर 1.87 अरब डॉलर के साथ प्रमुख बाजार रहा।
इसी तरह, असेंबल्ड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड का निर्यात 304 प्रतिशत बढ़कर 86.41 करोड़ डॉलर रहा। नेटवर्क ट्रांसमिशन और रूटिंग उपकरणों का निर्यात 98 प्रतिशत बढ़कर 1.45 अरब डॉलर पहुंच गया।
मेमोरी इंटीग्रेटेड सर्किट के निर्यात में 2,333 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 56.24 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया। वहीं, सॉलिड-स्टेट स्टोरेज उपकरणों का निर्यात 1,680 प्रतिशत बढ़कर 26.05 करोड़ डॉलर हो गया। सिंगापुर, चीन, हांगकांग और मलेशिया भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के प्रमुख निर्यात बाजार बनकर उभरे हैं। भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात अब केवल स्मार्टफोन तक सीमित नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों, संचार उपकरणों और मेमोरी उत्पादों की बढ़ती मांग वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापार में भारत की स्थिति को मजबूत कर रही है।


