देश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) के सारंगपुर परिसर में नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 456 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कॉलेज में हर साल एमबीबीएस की 125 सीटों पर दाखिला होगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि 50.76 एकड़ में बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाएं, अत्याधुनिक सिमुलेशन सुविधाएं, क्लिनिकल ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और शोध सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य भविष्य के लिए कुशल और प्रशिक्षित डॉक्टर तैयार करना है।
नड्डा ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले पांच वर्षों में देशभर में 75 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें बढ़ाने के लक्ष्य के अनुरूप है। इससे गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी।
2029 तक 75 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें बढ़ाने का लक्ष्य
दिल्ली में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल के आठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि सरकार वर्ष 2029 तक देश में 75 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि भारत में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 863 हो गई है। वहीं, एम्स की संख्या भी एक से बढ़कर 23 हो गई है। देश में एमबीबीएस सीटें लगभग 51 हजार से बढ़कर 1.43 लाख और पीजी मेडिकल सीटें 31 हजार से बढ़कर 91 हजार हो गई हैं।
मेडिकल सीटों के विस्तार के लिए 15 हजार करोड़ रुपये
नड्डा ने दिसंबर 2025 में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मंजूर 15 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का भी उल्लेख किया। इस योजना के तहत 10 हजार अतिरिक्त मेडिकल सीटें तैयार करने का लक्ष्य है। प्रत्येक अतिरिक्त स्नातक और स्नातकोत्तर मेडिकल सीट के लिए 1.5 करोड़ रुपये की सहायता का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ाने के साथ देश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना और आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।


