पश्चिम बंगाल सरकार ने विश्वविद्यालयों में भारतीय संस्कृति और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की है। राज्य सरकार ने विश्वविद्यालयों को दीक्षांत समारोहों में पश्चिमी शैली के गाउन के स्थान पर भारतीय पारंपरिक वेशभूषा, हथकरघा वस्त्र और उत्तरीय अपनाने की सलाह दी है। राज्य के उच्च शिक्षा विभाग ने सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विश्वविद्यालयों को इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है। यह पहल विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा वर्ष 2015, 2019 और 2024 में जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप है।
ग्रामीण बुनकरों को मिलेगा प्रोत्साहन
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, भारतीय हथकरघा वस्त्र देश की जलवायु के अनुकूल होने के साथ सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में भी सहायक हैं। इनके उपयोग से ग्रामीण हथकरघा उद्योग और बुनकरों की आजीविका को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विश्वविद्यालयों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग डिजाइन के उत्तरीय तैयार करने की स्वतंत्रता दी गई है। इसके लिए कोई एक समान डिजाइन अनिवार्य नहीं किया गया है।
कलकत्ता विश्वविद्यालय ने उठाया कदम
कलकत्ता विश्वविद्यालय ने दीक्षांत समारोह के लिए पारंपरिक ड्रेस कोड अपनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत पुरुष विद्यार्थी सफेद या हल्के सफेद रंग के कुर्ते के साथ धोती या पायजामा और महिला विद्यार्थी लाल किनारी वाली सफेद साड़ी पहनेंगे। विश्वविद्यालयों से इस संबंध में उठाए गए कदमों की जानकारी, तस्वीरें और वीडियो यूजीसी के यूनिवर्सिटी एक्टिविटी मॉनिटरिंग पोर्टल पर अपलोड करने को भी कहा गया है।
यह पहल शैक्षणिक संस्थानों में भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ स्वदेशी वस्त्रों और पारंपरिक हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


