केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भारत को वैश्विक खेल अर्थव्यवस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निजी निवेश, तकनीकी नवाचार और उद्योग जगत की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि खेल अब केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार, आर्थिक विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं।
फिक्की के 16वें वैश्विक खेल व्यवसाय शिखर सम्मेलन ‘टर्फ’ का उद्घाटन करते हुए मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को राष्ट्र निर्माण की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अगले पांच वर्षों के लिए 36,441 करोड़ रुपये के प्रावधान वाली नई खेलो इंडिया योजना को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य खेल बुनियादी ढांचे का विस्तार, प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
खेल उपकरण विनिर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए 1,856.67 करोड़ रुपये की खेलो इंडिया स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग योजना भी स्वीकृत की गई है। इससे भारत को खेल उपकरण निर्माण और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाने में मदद मिलेगी। मांडविया ने बताया कि पिछले 18 महीनों में भारत ने 18 शहरों में 40 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया है।
उन्होंने खेल अकादमियों, खेल विज्ञान, तकनीक और खिलाड़ी प्रबंधन में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित किया। साथ ही उद्योग जगत से ‘मेक इन इंडिया, प्ले इन इंडिया और ग्रो विद इंडिया’ के संकल्प के साथ आगे आने का आह्वान किया।


