उर्वरक सचिव रजत कुमार मिश्रा ने कृषि उपयोग के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले सब्सिडी वाले उर्वरकों के औद्योगिक इस्तेमाल पर चिंता जताई है। भारतीय उर्वरक संघ (एफएआई) के वार्षिक सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने उद्योग से इस दुरुपयोग को रोकने में सहयोग मांगा। साथ ही गुणवत्ता से समझौता किए बिना उर्वरकों की उत्पादन लागत कम करने पर जोर दिया।
मिश्रा ने कहा कि किसानों को यूरिया छह रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जाता है, जबकि औद्योगिक यूरिया की कीमत 60 से 70 रुपये प्रति किलोग्राम है। कीमतों में भारी अंतर के कारण कृषि यूरिया का औद्योगिक इस्तेमाल बढ़ रहा है। इसे रोकने के लिए सरकार ने एकीकृत पोर्टल विकसित किया है। उन्होंने आयातक कंपनियों से इसके माध्यम से लेनदेन करने का आग्रह किया।
उर्वरकों की टैगिंग पर जताई चिंता
उर्वरक सचिव ने किसानों को यूरिया के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर करने की प्रथा पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में 8.13 करोड़ किसानों ने उर्वरक खरीदे, जिनमें 87 प्रतिशत छोटे और सीमांत खरीदार थे। देश में फसल वर्ष 2025-26 के दौरान रिकॉर्ड 378 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन हुआ।
बढ़ती सब्सिडी बनी चुनौती
सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए फॉस्फेट और पोटाश आधारित उर्वरकों पर 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी मंजूर की है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 64 प्रतिशत अधिक है। एफएआई के अनुमान के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में कुल उर्वरक सब्सिडी बजट के 1.71 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
नैनो उर्वरकों और आधुनिक तकनीक पर जोर
मिश्रा ने स्वदेशी नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने 54,000 करोड़ रुपये की छह गैस आधारित यूरिया परियोजनाओं को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया। साथ ही कार्बन कैप्चर तकनीक, नवाचार और अमोनिया के प्रत्यक्ष कृषि उपयोग जैसे विकल्पों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।


