राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) शैक्षणिक सत्र 2027-28 से अपने पाठ्यक्रम में व्यापक बदलाव करने जा रहा है। करीब 12 साल बाद पहली से 12वीं कक्षा तक के सभी 86 विषयों का पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ) और एनसीईआरटी के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। नई अध्ययन सामग्री 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी।
एनआईओएस के अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि पाठ्यक्रम में बदलाव के लिए समितियां गठित कर दी गई हैं। शैक्षणिक पाठ्यक्रम के साथ व्यावसायिक शिक्षा को भी आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा। पाठ्यक्रम बदलने के बाद परीक्षा प्रणाली और मूल्यांकन के प्रारूप में भी बदलाव होगा। विद्यार्थियों की विषयगत समझ, भाषा, दक्षता और सीखने के परिणामों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दो चरणों में आएंगी नई किताबें
पहली से आठवीं कक्षा तक की किताबें फरवरी-मार्च 2027 तक उपलब्ध कराने की योजना है। वहीं, नौवीं से 12वीं तक की किताबें दूसरे चरण में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले जारी की जाएंगी। स्व-अध्ययन सामग्री छात्र और शिक्षक के बीच संवाद की शैली में तैयार की जाएगी, जिससे विद्यार्थी बिना नियमित कक्षाओं के आसानी से विषयों को समझ सकें।
12वीं में आयुर्वेद की होगी पढ़ाई
नए पाठ्यक्रम में 12वीं कक्षा में आयुर्वेद को एक विषय के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को आयुर्वेद का बुनियादी ज्ञान मिलेगा। इसके अलावा नौवीं से 12वीं तक रोजगारपरक और बाजार की मांग पर आधारित विषय शामिल किए जाएंगे। एक वर्षीय कौशल प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य मुक्त विद्यालयी शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित और रोजगारोन्मुख बनाना है।


