कृषि मंत्री ने बताया कि भारत चावल, दलहन, जूट, श्री अन्न और मसालों के उत्पादन में विश्व में पहले स्थान पर है। वहीं गेहूं, कपास, मूंगफली, फल-सब्जियों और गन्ने के उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। भारतीय चावल के निर्यात में भी पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रमुख फसलों के उत्पादन में वृद्धि
वर्ष 2025-26 में चावल का उत्पादन 1551.54 लाख टन और गेहूं का उत्पादन 1220.64 लाख टन रहा। मक्का उत्पादन 550.25 लाख टन, दलहन 272.40 लाख टन और तिलहन उत्पादन रिकॉर्ड 432.55 लाख टन दर्ज किया गया। मूंग, मूंगफली और सरसों के उत्पादन ने भी नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
मौसमी चुनौतियों के बावजूद बेहतर खरीफ उत्पादन का अनुमान
अल नीनो, मानसून में देरी और सूखे जैसी चुनौतियों के बावजूद वर्ष 2026-27 में खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है। खरीफ दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन और तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन रहने की उम्मीद है।
कृषि मंत्री ने कहा कि चावल और गेहूं में पर्याप्त उत्पादन के बाद सरकार अब फसल विविधीकरण तथा दलहन और तिलहन में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उत्पादन अनुमान डिजिटल क्रॉप सर्वे, रिमोट सेंसिंग और वैज्ञानिक सत्यापन के आधार पर तैयार किए गए हैं।


