मध्य प्रदेश में सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नौ आर्थिक रूप से कमजोर जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों (DCCBs) को 325 करोड़ रुपये की पूंजी सहायता देने की मंजूरी दी गई। इसके साथ ही बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) के लंबित चुनावों की समयसीमा एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
पांच बैंकों को 25 करोड़ और चार को 50 करोड़ रुपये
वित्त वर्ष 2026-27 में रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी। इसका उद्देश्य बैंकों की वित्तीय स्थिति और पूंजी आधार को मजबूत करना है।
PACS चुनावों की समयसीमा एक वर्ष बढ़ी
कैबिनेट ने ग्राम पंचायतों में सहकारी समितियों के पुनर्गठन और नवगठित समितियों का संचालन शुरू नहीं होने के चलते चुनावों की समयसीमा बढ़ाने का फैसला किया। सहकारिता विभाग को इसके लिए सहकारी समिति अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना कैबिनेट ने दुग्ध उत्पादन दोगुने से अधिक करने, देशी गोवंश के संरक्षण और पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी मंजूरी दी।
वित्त वर्ष 2026-27 में चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शीर्ष तीन पशुपालकों को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वित्त वर्ष 2027-28 से योजना का विस्तार प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में किया जाएगा।


