राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) ने 23 नवंबर 2026 को अपने 37वें स्थापना दिवस के अवसर पर छह नए शैक्षणिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के साथ दो मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किए हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना और कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट सहित विभिन्न सेवा क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इसके साथ ही ओपन स्कूलिंग की पहुंच बढ़ाने और परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है।
NIOS की ओर से शुरू किए गए छह नए पाठ्यक्रमों में आयुर्वेदशास्त्र, भारताभिज्ञानम्, कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट, आईटी हेल्पडेस्क अटेंडेंट, फायर मार्शल और एआई असिस्टेंट शामिल हैं। इनमें आयुर्वेदशास्त्र माध्यमिक स्तर का शैक्षणिक पाठ्यक्रम है, जिसके तहत विद्यार्थियों को आयुर्वेद, स्वास्थ्य, पोषण और योग की जानकारी दी जाएगी। वहीं भारताभिज्ञानम् पाठ्यक्रम के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।
कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट (CCRM) छह महीने का प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम है, जिसे विशेष रूप से बधिर और कम सुनने वाले विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है। व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में आईटी हेल्पडेस्क अटेंडेंट के तहत कंप्यूटर हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, नेटवर्क और तकनीकी सहायता से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। फायर मार्शल पाठ्यक्रम में आग से बचाव, आपातकालीन स्थिति से निपटने, अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल और सुरक्षित निकासी की ट्रेनिंग शामिल होगी। वहीं, एआई असिस्टेंट पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी जानकारी, एआई टूल्स, प्रॉम्प्टिंग और जिम्मेदार तरीके से एआई के इस्तेमाल पर ध्यान दिया जाएगा।
इन पाठ्यक्रमों के अलावा NIOS ने ‘NIOS मित्र’ और ‘NIOS नेत्र’ नाम से दो मोबाइल ऐप भी लॉन्च किए हैं। NIOS मित्र ऐप का उद्देश्य उन विद्यार्थियों तक पहुंच बनाना है, जो पारंपरिक स्कूली शिक्षा से वंचित हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। इसके माध्यम से स्वयंसेवक संभावित विद्यार्थियों की पहचान करेंगे और उन्हें ओपन स्कूलिंग से जुड़ी जानकारी तथा शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे।
वहीं NIOS नेत्र ऐप परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता और निगरानी बढ़ाने में मदद करेगा। इसके जरिए निरीक्षक परीक्षा केंद्रों की तस्वीरें, वीडियो, लोकेशन और निरीक्षण का समय रिकॉर्ड कर सकेंगे। साथ ही निरीक्षण चेकलिस्ट पूरी करने और किसी भी घटना की तत्काल रिपोर्ट करने की सुविधा भी मिलेगी।


