नई दिल्ली। डेवॉन कॉनवे के अर्द्धशतक और डैरल मिचेल की अविजित 49 रन की पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन की सपाट पिच पर भारत से पहली पारी में 352 रन से पिछड़ने के बाद पांचवें और आखिरी दिन सोमवार को अपनी दूसरी पारी में 120 ओवर तक बल्लेबाजी कर पांच विकेट पर 239 रन बना पहला क्रिकेट टेस्ट मैच ड्रॉ कराने में सफल रहा। भारत ने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी समेट कर सीधी जीत की पुरजोर कोशिश की लेकिन उसकी जीत की हसरत अधूरी रही।
डैरल मिचेल ने ग्लेन फिलिप्स के साथ छठे विकेट के लिए 63 रन की अटूट भागीदारी की। मिचेल 186 गेंद खेल कर एक छक्के और चार चौकों की मदद से 49 और पहली पारी में शतक जड़ने वाले ग्लेन फिलिप्स 126 गेंद खेल कर दो चौकों की मदद 26 रन बनाकर अविजित रहे। भारत पहले टेस्ट में बेशक बेहतर टीम था, लेकिन डैरल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने पांचवें और अंतिम दिन जीवट से बल्लेबाजी कर यह टेस्ट ड्रॉ कराया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की बस हर गेंद को रोकने की योजना कायमाब रही। भारत को पहला टेस्ट ड्रॉ रहने से चार अंक मिले।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के चलते भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल की दौड़ से और दूर हो गया। न्यूजीलैंड की टीम भारत से पहला टेस्ट ड्रॉ खेल कर अंक तालिका में खुद तीसरे स्थान पर खिसक गई। न्यूजीलैंड के लिए पहली पारी में अविजित 175 और दूसरी पारी में 31 रन बनाने वाले हेनरी निकल्स पहले टेस्ट में मैन ऑफ द मैच रहे।
केएल राहुल और बाएं हाथ के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के शतकों, कप्तान शुभमन गिल की 98 , सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के 85 व देवदत्त पड्डीकल के 80 और ध्रुव जुरैल के 78 रन की तेज पारियों की बदौलत भारत ने चौथे दिन रविवार को अपनी पहली पारी खिलाफ 166 ओवर में नौ विकेट पर 720 रन का रिकॉर्ड स्कोर बना समाप्त घोषित कर 352 रन की बड़ी हासिल की। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। डेवॉन कॉनवे (अविजित 59) और रचिन रवींद्र (अविजित 27) ने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी चौथे दिन के दो विकेट पर 119 रन से सोमवार सुबह आगे शुरू की और तब मेजबान टीम को भारत की पहली पारी की बढ़त को खत्म करने के लिए 233 रन की जरूरत थी और उसके आठ विकेट बाकी थे और उसका पहला टेस्ट ड्रॉ कराने के लिए संघर्ष जारी था।
न्यूजीलैंड ने आखिरी दिन अपनी दूसरी पारी में 75 ओवर में मात्र 120 रन और जोड़े। भारत को पहला टेस्ट जीतने के लिए पांचवें व अंतिम दिन दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के आठ विकेट और चटकाने थे। भारत को अंतिम सत्र में भी नई गेंद से न्यूजीलैंड की दूसरी पारी को समेटने की उम्मीद बाकी थी। भारत ने इससे पहले पुरानी गेंद से ही अंतिम दिन 37 ओवर में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में डेवॉन कॉनवे, रचिन रवींद्र और टॉम ब्लूंडेल के रूप में तीन विकेट चटकाए थे। भारत ने कार्यभार प्रबंधन के चलते जसप्रीत बुमराह ने तीन ओवर से ज्यादा का कोई स्पैल नहीं कराया बावजूद इसके उन्होंने पहले टेस्ट में दोनों पारियों में कुल 49 ओवर फेंके और न्यूजीलैंड के पांच विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की अंतिम दिन रन बनाने से ज्यादा पिच पर वक्त गुजारने की रणनीति कारगर रही और चौथे दिन कॉनवे और रचिन रवींद्र ने मिलकर 22 ओवर खेलने के बाद अंतित दिन दस ओवर खेले और मात्र 13 रन जोड़े और जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप और अंशुल काम्बोज का सुबह पहला स्पैल निकाल दिया।
न्यूजीलैंड ने आखिरी दिन कॉनवे (65 रन, 165 गेंद, सात चौके) के रूप में पारी का तीसरा विकेट 56वें ओवर में 132 रन पर खोया। कॉनवे भारत के ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर की ऑफ स्टंप पर पड़ कर हवा में घूमी गेंद को रक्षात्मक ढंग से खेलने की कोशिश में विकेटकीपर ऋषभ पंत ने उनका यह कैच लपका और न्यूजीलैंड ने तीसरा विकेट 132 रन पर खोया। कॉनवे ने आउट होने से पहले रचिन रवींद्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। जब रचिन रवींद्र (37 रन, 129 गेंद, चार चौके) ने प्रसिद्ध कृष्णा की मिडल स्टंप पर कोण बनाती गेंद को पुश करने की कोशिश में केएल राहुल को पारी के 60वें ओवर में दूसरी स्लिप में कैच थमाया और न्यूजीलैंड ने चौथा विकेट 139 रन पर गंवा दिया। विकेटकीपर टॉम ब्लूंडल (15 रन, 54 गेंद, एक चौका) ने तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज की ऑफ स्टंप पर पड़ कर जरा बाहर निकली गेंद पर बल्ला चलाया और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने बढ़िया कैच लपका और न्यूजीलैंड ने 77वें ओवर में पांचवां विकेट 176 रन पर खोया। डैरल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने स्ट्रोक खेलने के बजाय रक्षात्मक बल्लेबाजी कर किसी तरह क्रीज पर वक्त बिता कर मैच को ड्रॉ कराने की कोशिश की और इसमें ये दोनों सफल रहे।
भारत ने 82.1 ओवर में दूसरी नई गेंद जरूर लेकिन यह भी न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए कोई चुनौती नहीं पेश कर पाई। दूसरी नई गेंद से शुरू के सात ओवर में महज दो बार न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने गलत स्ट्रोक खेले। प्रसिद्ध कृष्णा ने जरूर मिचेल को छकाया और गेंद उनके बैट -पैड को लेकर उछली लेकिन तब भारत ने शॉर्ट लेग पर कोई फील्डर नहीं लगाया था। मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने बस हर गेंद को रोकने की कोशिश की और आकाशदीप ने ढीली फील्डिंग कर मिचेल को रनआउट का मौका खोया। मिचेल और फिलिप्स की लंबी होती भागीदारी को तोड़ने के लिए भारत के कप्तान ने कामचलाउ यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल तक गेंदबाजी कराई लेकिन इस भागीदारी को तोड़ने में नाकाम रहे। 15वां अनिवार्य ओवर फेंकने की बजाय ड्रॉ की पेशकश के मिचेल ने मान लिया, हालांकि वह टेस्ट में अर्द्धशतक से एक रन दूर थे।
जानते थे दस विकेट लेना एक बड़ी चुनौती होगा: शुभमन गिल
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने पहला टेस्ट ड्रॉ रहने पर कहा, ‘हम जानते थे कि बेसिन रिजर्व की पिच पर दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के दस विकेट लेना एक बड़ी चुनौती होगा। मैदान पर हमारा दिन ठीक ठाक रहा। मेरा मानना है कि घर से बाहर खेलते हुए हमारा प्रदर्शन दमदार रहा और हमने न्यूजीलैंड को हर मोर्चे पर चुनौती दी। पहली पारी में हमारी गेंदबाजी खासी बढ़िया रही। हमने पहली पारी में दमदार बल्लेबाजी की और हमारी ओर से मात्र दो शतक जड़े गए बावजूद इसके हमने 700 से ज्यादा रन बनाए। मैं उम्मीद करता हूं कि अब क्राइस्टचर्च में सीरीज के दूसरे व आखिरी टेस्ट मैच में पिच से गेंदबाजों को थोड़ी ओर मदद मिलेगी। अगर पिच से थोड़ी और मदद मिल रही होती तो हम शायद खेलना जारी रख सकते थे। हमारे पास समय भी बहुत कम है। मुझे नहीं लगता कि पांच दस ओवर ओर खेलने से कोई खास फर्क पड़ता।
मुश्किल स्थिति में हमारे खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी निभाई: लैथम
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने कहा, ‘हमारे कुछ खिलाड़ियों ने खासकर मुश्किल स्थिति में जिम्मेदारी निभाई उससे मैं बहुत प्रभावित हूं। हमारी टीम ने अपना असल चरित्र दिखाया। खास तौर पहली पारी में अलग अलग खिलाड़ियों ने अनुकरणीय खेल दिखाया। यह वेलिंगटन में बेसिन रिजर्व की पारंपरिक पिच नहीं थी और मैंने इस पिच के इतनी सपाट होने की कतई उम्मीद नहीं की थी। मुझे अपनी टीम के खिलाड़ियों पर वाकई गर्व है। हम चाहे जितनी भी देर मैदान पर रहे हमारे खिलाड़ियों ने बाउंड्री पर पूरी जान लगी दी।


