ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में सस्ती ऋण सुविधाओं का विस्तार करने तथा वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने में गोल्ड लोन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सुधन गोल्ड के निदेशक संदीप कोयटे ने यह बात कही। कोयटे ने कहा कि भारतीय परिवारों के पास मौजूद सोना केवल आभूषण या बचत का साधन नहीं, बल्कि जरूरत के समय आर्थिक सहायता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बन सकता है। उन्होंने बताया कि सुधन गोल्ड का उद्देश्य घरेलू सोने के भावनात्मक महत्व को बनाए रखते हुए उसकी वित्तीय क्षमता का उपयोग ग्रामीण परिवारों को सशक्त बनाने में करना है।
कोयटे ने बताया कि कंपनी का तकनीक आधारित कारोबारी मॉडल क्रेडिट सहकारी समितियों को बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट व्यवस्था के माध्यम से अपने सदस्यों को गोल्ड लोन सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्षम बनाता है। इससे सहकारी संस्थाएं अपने सदस्यों तक औपचारिक ऋण सुविधाओं की पहुंच बढ़ा सकती हैं।
कंपनी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सुधन गोल्ड ने देश के 10 राज्यों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है और अब तक 6,500 करोड़ रुपये से अधिक के गोल्ड लोन वितरित किए हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनी की गोल्ड लोन योजनाओं में सालाना ब्याज दरें 6 से 16 प्रतिशत के बीच हैं। लगभग 14 मिनट में ऋण वितरण की सुविधा उपलब्ध है तथा सोने के मूल्य के 90 प्रतिशत तक वित्तपोषण की पेशकश की जाती है।
कोयटे ने कहा कि सहकारी संस्थाओं और बैंकों के साथ साझेदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में किफायती ऋण की उपलब्धता बढ़ाई जा सकती है। इससे जरूरतमंद परिवारों की महंगे अनौपचारिक ऋण स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने जोर दिया कि सोने को केवल पारंपरिक संपत्ति के रूप में देखने के बजाय आर्थिक स्वतंत्रता और वित्तीय सशक्तिकरण का माध्यम बनाया जाना चाहिए।


