नई दिल्ली। बाएं हाथ के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के नौवें टेस्ट शतक और ध्रुव जुरेल के तेज अर्द्धशतक की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन में पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को अपनी पहली पारी खिलाफ 166 ओवर में नौ विकेट पर 720 रन का रिकॉर्ड स्कोर बना समाप्त घोषित कर 352 रन की बड़ी बढ़त हासिल की। भारत की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर में 1995 में वेस्ट इंडीज (पांच विकेट पर 660, पारी घोषित) के सबसे बड़े स्कोर को पीछे छोड़ कर टेस्ट पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली विदेशी क्रिकेट टीम बन गई। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे।
ऋषभ पंत (128 रन, 153 गेंद, छह छक्के, दस चौके) ने कप्तान शुभमन गिल के साथ चौथे विकेट के लिए 100, रात्रि प्रहरी अंशुल काम्बोज (38 रन, 42 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के साथ पांचवें विकेट के लिए 68 और ध्रुव जुरैल (78 रन, 79 गेंद, एक छक्का,सात चौके) के साथ छठे विकेट के लिए 75 रन जोड़ कर भारत को पहली पारी में रनों के पहाड़ के से स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। ऑफ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स (3/154) और बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रवींद्र (2/40) न्यूजीलैंड के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे।
डेवॉन कॉनवे (अविजित 59 रन, 137 गेंद, पांच चौके)और रचिन रवींद्र (अविजित 27 रन 72 गेंद,3 चौक) ने तीसरे विकेट के लिए 59 रन की अटूट भागीदारी कर दो विकेट 60 रन पर गंवाने के बाद न्यूजीलैंड को चौथे दिन का खेल बंद होने तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 119 रन पहुंचाया। न्यूजीलैंड को भारत की पहली पारी की बढ़त को खत्म करने के लिए अभी 233 और दूसरी पारी में उसके आठ विकेट बाकी हैं और उसका पहला टेस्ट ड्रॉ कराने के लिए संघर्ष जारी है। वहीं भारत की कोशिश न्यूजीलैंड के दूसरी पारी में बाकी आठ विकेट सस्ते में निकाल कर पहला टेस्ट जीत कर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने की होगी।
भारत के सदाबहार अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में भी उसके कप्तान टॉम लैथम (0 रन, 2 गेंद) को खाता खोले बिना ही बाहर जाती गेंद को खेलने को मजबूर कर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच करा आउट कर पैवेलियन लौटाया। न्यूजीलैंड ने लैथम के रूप में पहला विकेट खाता खोले बिना ही गंवाया। भारत के लंबे कद के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने पहली पारी में 175 रन बना अविजित रहे हेनरी निकल्स (31 रन ,59 गेंद, तीन चौके) को ऑफ स्टंप पर शॉर्ट ऑफ गुड लेंग्थ गेंद को फ्लिक करने को मजबूर किया और ध्रुव जुरैल ने पलक झपकते ही बढ़िया कैच लपक उन्हें पैवेलियन लौटाया और न्यूजीलैंड ने दूसरा विकेट 23वें ओवर में 60 रन पर खो दिया। जैसे ही जुरेल ने यह कैच लपका तो पूरी भारतीय टीम उन्हें बधाई देने के लिए उमड़ पड़ी। प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन सटीक और तेज गेंदबाजी का नमूना पेश किया और उनका पहला स्पेल रहा 5-2-11-1। प्रसिद्ध ने गुड लेंग्थ और शॉर्ट गेंद का चतुराई से इस्तेमाल किया।
भारत ने अपनी पहली पारी शनिवार के तीसरे दिन के चार विकेट पर 486 रन से रविवार आगे शुरू की और 41 ओवर में 234 रन और जोड़ कर पांच विकेट और खोकर अपनी पारी नौ विकेट पर समाप्त घोषित की। टेस्ट क्रिकेट में यह पहला मौका है जब पारी में शुरू की सात 50 रन से और अधिक की भागीदारी हुई। ध्रुव जुरेल ने पारी के 160वें डैरल मिचेल के पांचवें ओवर की पहली गेंद पर 60 गेंद खेलते हुए अपनी पारी का पांचवां चौका जड़ कर तीसरा टेस्ट अर्द्धशतक पूरा किया और भारत की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर में वेस्ट इंडीज (660 रन) को पीछे छोड़ टेस्ट में पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली विदेशी टीम बन गई। जुरेल ने पारी के 165 वें और बाए हाथ के स्पिनर रचिन रवींद्र दसवे ओवर को डीप मिड विकेट पर कट कर दो रन दौड़ कर भारत 700 रन पर पहुंचाया। ध्रुव जुरेल (78) ने ऑफ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को उड़ाने की कोशिश में हवा में मात खा गए और भारत ने नौवां विकेट 720 रन पर गंवाने के साथ अपनी पारी 166 वें घोषित कर दी।
भारत की टीम श्रीलंका के बाद अब नौ अलग अलग देशों के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पारी मे 600 या इससे अधिक रन बनाने वाली दूसरी टीम बन गई। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, वेस्ट इंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने आठ अलग अलग देशों के खिलाफ टेस्ट में पारी में 600 या इससे अधिक रन बनाए हैं।
ऋषभ पंत(128)अंतत: लंच से ठीक पहले तेज रन बनाने की कोशिश में पारी के 153 वें और बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रवींद्र के चौथे ओवर की चौथी गेंद की गेंद को स्लॉग स्वीप करने के फेर में डीप मिडविकेट पर नैथन स्मिथ को कैच थमा कर आउट हुए और भारत ने पहली पारी में अपना छठा विकेट 629 रन पर खोया। रचिन रवींद्र का टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के लिए यह पहला विकेट था। केएल राहुल के बाद ऋषभ पंत भारत की पहली पारी में शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे जबकि कप्तान शुभमन गिल मात्र दो रन से शतक चूके। लंच तक भारत ने पहली पारी में न्यूजीलैंड के खिलाफ 261 रन की बढ़त ले ली थी।
ऋषभ पंत ने करियर का नौवां टेस्ट शतक जड़ा। ऋषभ पंत तीसरे दिन के अपने 55 रन के निजी स्कोर में चौथे दिन 73 रन और जोड़ कर आउट हुए। भारत ने तीसरे दिन के चार विकेट पर 486 रन के स्कोर में चौथे दिन सुबह दो घंटे के खेल दो विकेट खोकर 143 जोड़े। ऋषभ पंत ने रविवार सुबह पारी के 147 वें और ऑफ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स के 21 वें ओवर की चौथी गेंद को रिवर्स स्वीप कर चौका जड़ 99 पर पहुंचे अगली और पांचवीं फ्लाइटेड गेंद को क्रीज छोड़ आगे बढ़ उसे लॉन्ग ऑफ के उपर से उड़ा छक्का जड़ 135 गेंद खेल कर चार छक्कों और नौ चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया और इसके साथ सभी ‘सेना’ (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड,न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक लगाने वाले भारत के पहले और दुनिया के तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। ऋषभ पंत से पहले ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट और इंग्लैंड के जॉनी बैरिस्टो भी ‘सेना‘ देशों में टेस्ट में शतक जड़ चुके हैं।
ऋषभ पंत टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने में दूसरे नंबर पर
ऋषभ पंत ने अपने चिर परिचित आक्रामक अंदाज में जवाबी हमला बोलने के साथ अच्छी गेंदों को सम्मान देने के बावजूद विकेट के चारों और स्ट्रोक खेल कर यह शतक पूरा किया। यह चौथा मौका है जब ऋषभ पंत ने छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया है। इससे पहले ऋषभ परुत ने 2018 में ओवल में, 2021 में अहमदाबाद में और 2025 में लीडस मे छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया। अपना 53 वां टेस्ट और 91 वी पारी खेलते हुए टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने में ऋषभ पंत (108 छक्के) ने अपनी पारी ब्रेंडन मैकलम(107 छक्के) को पीछे छोड़ बेन स्टोक्स(136) के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए। ऋषभ पंत ने ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर रविवार को अपनी पारी का छठा छक्का जड़ यह गौरव पाया। भारत ने चौथे दिन रविवार को लंच से अंशुल काम्बोज (38 रन, 42 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के रूप में पांचवां विकेट पारी के 139 वें 554 रन तब खोया जब वह न्यूजीलैंड के ऑन स्पिनर ग्लेन फिलिप्स की गेंद को उड़ाने की कोशिश में डेवॉन कॉनवे को डीप स्कवॉयर लेग पर कैच थमा बैठे। काम्बोज ने आउट होने से पहले पांचवें विकेट के लिए ऋषभ पंत के साथ 68 रन जोड़े। बतौर रात्रि प्रहरी अंशुल काम्बोज ने अपनी भूमिका बेहतरीन ढंग से निभाई।
वाशिंगटन सुंदर (24 रन, 34 गेंद, दो चौके) ने बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रवींद्र की ऑफ स्टंप पर फ्लाइटेड गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में उन्हें ही वापस कैच थमा दिया और भारत ने पारी के 162 वें ओवर में अपना सातवां विकेट 683 रन पर गंवा दिया। आकाशदीप पारी के 164वें और ऑफ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स के 23 वें ओवर की शुरू की लगातार दो गेंदों पर दो छक्के जड़ने के बाद चौथी गेंद को उड़ाने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर कप्तान टॉम लैथम को कैच थमा कर आउट हो गए और भारत ने अपना आठवां विकेट 696 रन पर खोया।


