योजना के तहत गोरखपुर के 35 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए। वहीं देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि टैबलेट में 18 हजार से अधिक मुफ्त पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। इसके लिए सरकार ने इंफोसिस के साथ समझौता किया है। इन उपकरणों से विद्यार्थी ऑनलाइन शिक्षा, कौशल विकास, छात्रवृत्ति और रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
46% युवाओं को पहली बार मिला डिजिटल उपकरण
मुख्यमंत्री के अनुसार, योजना के प्रभाव का आकलन आईआईएम लखनऊ से कराया गया था। अध्ययन में सामने आया कि शुरुआती चरण के 60 लाख लाभार्थियों में 46% युवाओं को पहली बार डिजिटल उपकरण मिला था। योजना का प्रभाव लगभग तीन करोड़ लोगों तक पहुंचने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने और तकनीक का रचनात्मक इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग शिक्षा और भविष्य निर्माण के लिए होना चाहिए। सरकार की इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा तथा रोजगार संबंधी संसाधनों तक पहुंच बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


