फिलीपींस के मान्यता प्राप्त चिकित्सा संस्थानों से मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने वाले भारतीय छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अब ये छात्र फिलीपींस की फिजिशियन लाइसेंस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे और परीक्षा उत्तीर्ण करने तथा अन्य आवश्यक शर्तें पूरी करने के बाद वहां चिकित्सा अभ्यास का लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे।
फिलीपींस में भारत के राजदूत हर्ष कुमार जैन ने इस फैसले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फिलीपींस के प्रोफेशनल रेगुलेशन कमीशन (PRC) ने पिछले सप्ताह भारतीय छात्रों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देने संबंधी जानकारी साझा की थी। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच पेशेवर सहयोग और आपसी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भारतीय छात्रों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है फैसला?
यह निर्णय उन भारतीय छात्रों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जो फिलीपींस से मेडिकल डिग्री हासिल करने के बाद भारत में डॉक्टर के रूप में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
भारत के राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के नियमों के तहत विदेशी मेडिकल स्नातकों के लिए संबंधित देश में चिकित्सा अभ्यास का लाइसेंस प्राप्त करने की पात्रता एक महत्वपूर्ण शर्त है।
फिलीपींस सरकार के इस फैसले से भारतीय छात्रों के सामने मौजूद एक प्रमुख नियामकीय बाधा दूर होने का रास्ता खुला है। हालांकि, केवल PLE परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिलने से भारत में प्रैक्टिस करने की पात्रता स्वतः सुनिश्चित नहीं होती।
छात्रों को NMC के अन्य नियमों, पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण अवधि और आवश्यक परीक्षाओं की शर्तें भी पूरी करनी होंगी। इस फैसले से फिलीपींस में मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे भारतीय छात्रों को भविष्य में अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है। फिलीपींस में वर्तमान में सात हजार से अधिक भारतीय छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में यह निर्णय मेडिकल छात्रों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


