मंडुवा, झंगोरा और रामदाना की 1,500 मीट्रिक टन मांग
गुजरात की एक निजी कंपनी ने मंडुवा, झंगोरा और रामदाना की 500-500 मीट्रिक टन खरीदने की मांग भेजी है। कंपनी के प्रतिनिधि अगले सप्ताह जिले का दौरा कर उत्पादों की उपलब्धता और खरीद व्यवस्था का आकलन करेंगे। कृषि विभाग ने मांग को देखते हुए स्थानीय उत्पादों का भंडारण शुरू कर दिया है।
मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी के अनुसार, चमोली की जलवायु मंडुवे की खेती के लिए अनुकूल है। कम पानी में तैयार होने वाली यह फसल पोषण से भरपूर है। पिछले वर्ष जिले में तीन हजार क्विंटल मंडुवे की बिक्री हुई थी।
मंडुवे से तैयार उत्पादों को विदेशों में बाजार
वर्तमान में मंडुवा 52.20 रुपये, झंगोरा 52 रुपये और रामदाना 85 से 90 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है। मंडुवे से नूडल्स, बिस्कुट, कुकीज और मल्टीग्रेन खाद्य उत्पाद बनाए जा रहे हैं। गुजरात की कंपनी इन उत्पादों की पैकेजिंग कर चीन सहित अन्य देशों में निर्यात करती है। स्थानीय किसानों का मानना है कि प्रस्तावित बोनस योजना और बढ़ती बाजार मांग से पारंपरिक मोटे अनाजों की खेती को प्रोत्साहन मिलेगा। मंडुवा और अन्य श्रीअन्न फसलों का विस्तार पहाड़ी कृषि, ग्रामीण रोजगार और किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत कर सकता है।


