कृभको के अध्यक्ष वी. सुधाकर चौधरी और प्रबंध निदेशक एस. एस. यादव ने हाल ही में गेल भवन में गेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक दीपक गुप्ता से मुलाकात की। बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही श्रीकाकुलम जिले के मुलापेटा के विकल्प के रूप में काकीनाडा में संयंत्र स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
प्रस्तावित संयंत्र की वार्षिक यूरिया उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन होगी। मूल प्रस्ताव के अनुसार संयंत्र को गेल की श्रीकाकुलम-अंगुल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन के समीप स्थापित करने की योजना है।
विशाखापत्तनम में आयोजित 31वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट के दौरान इस परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत कृभको और गेल के संयुक्त उद्यम के माध्यम से परियोजना के क्रियान्वयन की संभावनाएं तलाशी जाएंगी परियोजना में लगभग 13,500 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। इससे करीब 1,300 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। हालांकि, ये अनुमान आवश्यक मंजूरियों और परियोजना के अंतिम स्वरूप पर निर्भर हैं।
यह परियोजना घरेलू उर्वरक उत्पादन क्षमता बढ़ाने, यूरिया आयात पर निर्भरता कम करने और किसानों को उर्वरकों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। काकीनाडा के विकल्प पर विचार परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


