दिल्ली सरकार ने विद्यार्थियों के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए ‘एहसास 2026 मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति’ की शुरुआत की है। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, शिक्षा मंत्री आशीष सूद और आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर उपस्थित रहे।
हर 500 छात्रों पर एक काउंसलर की व्यवस्था
नई नीति के तहत प्रत्येक 500 विद्यार्थियों पर एक काउंसलर और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए समर्पित हेल्पलाइन का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य परीक्षा के दबाव, पढ़ाई में प्रतिस्पर्धा, सामाजिक अपेक्षाओं और अकेलेपन जैसी समस्याओं से जूझ रहे विद्यार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बच्चों की भावनात्मक जरूरतों को समझना और उनकी समस्याएं सुनना इस नीति का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों को शामिल करते हुए व्यापक मानसिक स्वास्थ्य नीति तैयार की है।
शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
नीति के तहत शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, काउंसलरों और स्कूलों के सहयोगी कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बच्चों के व्यवहार में बदलाव पहचानने और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नीति तैयार करने में यूनेस्को, आईएचबीएएस और आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न संस्थानों ने सहयोग किया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मूल्यांकन भी किया जाएगा।
चसरकार का लक्ष्य शिक्षण संस्थानों में ऐसा वातावरण विकसित करना है, जहां विद्यार्थी बिना झिझक अपनी समस्याएं साझा कर सकें और आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकें।


