नई दिल्ली। अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह द्वारा तीन झटकों और उनकी अगुआई में अंशुल काम्बोज और आकाश दीप की त्रिमूर्ति के लंच से पहले बरपाए कहर के सामने पांच विकेट मात्र 70 रन पर गंवाने के बाद हेनरी निकल्स ने शानदार शतक जड़ते हुए अनुभवी ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 173 रन की अटूट भागीदारी की। इस महत्वपूर्ण साझेदारी ने मेजबान न्यूजीलैंड को बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन में बृहस्पतिवार को भारत के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले दिन गहरे संकट से संभाल कर पहली पारी में 82 ओवर में पांच विकेट पर 243 रन के सम्माजनक स्कोर तक पहुंचाया।
कप्तान टॉम लैथम के जसप्रीत बुमराह के पहले ही ओवर में तीसरी गेंद पर बोल्ड होने पर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हेनरी निकल्स सुबह तेज बहती हवा में बहुत संभल कर आगाज करने के बाद पहले दिन का खेल बंद होने तक 221 गेंद खेल कर 14 चौकों की मदद से 113 रन और ग्लेन फिलिप्स 192 गेंद खेल कर 13 चौकों की मदद से 94 रन बना कर क्रीज पर डटे। हेनरी निकल्स ने अपना 61वां टेस्ट मैच खेलते हुए अपने करियर का 12वां शतक पूरा किया। अनुभवी केन विलियमसन के टेस्ट क्रिकेट के अलविदा कहने पर मुश्किल हालात में हेनरी निकल्स बेहद धैर्य दिखा कर बल्लेबाजी कर न्यूजीलैंड के संकटमोचक साबित हुए। निकल्स ने खुद को तीसरे नंबर पर टेस्ट में विलियमसन का सही वारिस साबित किया।
भारत ने खेल खत्म होने से छह मिनट पहले 80.1 ओवर बाद दूसरी नई गेंद ली। निकल्स का इससे पहले भारत के खिलाफ छह टेस्ट मैचों में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 44 रन था। न्यूजीलैंड ने चायकाल तक अपनी पहली पारी में 49 ओवर में पांच विकेट पर 140 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड ने खेल के आखिरी सत्र में कोई विकेट गंवाए बिना 103 रन जोड़े। निकल्स ने भारत के खिलाफ अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा और अब न्यूजीलैंड के लिए जॉन राइट और ब्रेंडन मैकलम की तरह सबसे ज्यादा 12-12 टेस्ट शतक जड़ने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
भारत की पहले दिन के आखिर में शॉर्ट पिच और ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की कसी हुई गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड ने पहले दिन के आखिरी 10 ओवर में मात्र 22 रन ही बनाए। भारत ने शुरू के करीब डेढ़ घंटे में न्यूजीलैंड के पांच विकेट मात्र 70 पर निकालने के बाद पहले दिन आखिरी के साढ़े चार घंटे में विकेट लेने के लिए तरसता रह गया। भारत के प्रसिद्ध कृष्णा की निकल्स (102) के खिलाफ शॉर्ट गेंदबाजी की रणनीति तब खासी कारगर दिखी जब पारी के 74 में ओवर में उनकी गेंद को पुल करने गए लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा उछली लेकिन देवदत्त पड्डीकल और विकेटकीपर ऋषभ पंत के बीच संवादहीनता के चलते उनका कैच छूट गया और तब न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 223 रन था। भारत ने शुरू के करीब डेढ़ घंटे में न्यूजीलैंड के पांच विकेट मात्र 70 पर निकालने के बाद पहले दिन आखिरी के साढ़े चार घंटे में विकेट लेने के लिए तरसता रह गया।
पहले दिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (3/52) भारत के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, जबकि तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज (1/52) और आकाशदीप (1/33) ने एक एक विकेट चटका कर उनका खूब साथ निभाया। निकल्स और फिलिप्स की बड़ी भागीदारी के बावजूद जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारत के तेज गेंदबाजी की चौकड़ी के साथ ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने कसी हुई गेंदबाजी की और उनका गेंदबाजी विश्लेषण रहा 16 ओवर, 2 मेडन, 38 रन और शून्य विकेट।
भारत के सदाबहार अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लंच से पहले दो और अंशुल काम्बोज और आकाश दीप ने एक एक विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पहली पारी में उसके चार विकेट 23 ओवर में मात्र 60 रन पर निकाल कर अपने कप्तान शुभमन गिल के टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज करने के फैसले को सही साबित किया। लंच के समय हेनरी निकोल 49 गेंद खेल कर चार चौकों की मदद से 29 और विकेटकीपर टॉम ब्लूंडेल पाच रन बनाकर क्रीज पर थे। न्यूजीलैंड के कप्तान बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज टॉम लैथम (0 रन, 2 गेंद) ने बुमराह के पहले और मैच की तीसरी ऑफ स्टंप पर निकली कोण बनाती गेंद को यह सोच छोड़ दिया कि यह बाहर निकल जाएगी लेकिन वह उनका ऑफ स्टंप ले उड़ी और मेजबान टीम ने पहला विकेट मात्र दो रन खो दिया।
बाएं हाथ के दूसरे सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे (4 रन, 13 गेंद) ने भारत के नौजवान तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज की ऑफ स्टंप पर पड़ कर जरा सी बाहर निकलती गेंद पर बल्ला चलाया और गेंद उनके बल्ले का मोटा बाहरी किनारा ले निकली और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने आसान सा कैच लपक कर उन्हें पैवेलियन लौटाया। न्यूजीलैंड ने पारी के चौथे ओवर में अपना दूसरा विकेट मात्र 12 रन पर खो दिया। चोट के बाद वापसी करने वाले भारतीय मूल के बाएं हाथ के बल्लेबाज रचिन रवीद्र (15 रन, 50 गेंद, 2 चौके) बराबर संघर्ष करने के बाद अंतत: भारत के तेज गेंदबाज आकाश दीप की ऑफ स्टंप पर पड़ कर जरा बाहर की ओर मूव होती गेंद पर रन जुटाने के फेर में तेजी से बल्ला चलाया लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहर किनारा लेकर उछली और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने एक और आसान कैच लपक उन्हें आउट कर पैवेलियन लौटाया। न्यूजीलैंड ने तीसरा विकेट पारी के 20 वें ओवर की पहली गेंद पर 51 रन पर खो दिया और इसके साथ ही उनकी हेनरी निकोल के साथ 16 ओवर में 39 रन की भागीदारी टूट गई।
डैरल मिचेल (1 रन, 8 गेंद) की अपनी क्रीज छोड़ कर आगे निकल कर जसप्रीत बुमराह की गेंद को खेलने आगे निकले और गेंद उनके बल्ले का भीतर किनारा लेकर उछली और यशस्वी जायसवाल ने लपक कर न्यूजीलैंड का स्कोर 21 ओवर में चार विकेट पर 52 रन कर दिया। टॉम ब्लूंडेल (5 रन, 22 गेंद) ने लंच के बाद पारी के 29 वें और जसप्रीत बुमराह के दसवें ओवर की दूसरी ऑफ स्टंप से जरा बाहरी निकली गेंद को आधे अधूरे से खेलने के फेर में अपना बल्ला चलाया और पहली स्लिप में भारत के कप्तान शुभमन गिल ने बढ़िया कैच लपक उन्हें पैवेलियन की राह दिखा कर न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 70 रन कर दिया। यह बुमराह का न्यूजीलैंड की पहली पारी में तीसरा विकेट था। तब बुमराह का गेंदबाजी विश्लेषण था 10-5-21-3।


