नई दिल्ली। आक्रामक सेंटर हाफ सलीमा टेटे की अगुआई और चीफ कोच शुएर्ड मराइन के मार्गदर्शन में पिछली दो और कुल तीन बार की विजेता भारतीय टीम (2016, 2023, 2024) बृहस्पतिवार से शुरू हो रही एएचएफ मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी, भोपाल 2026 में अपने घर में लगातार तीसरी और रिकॉर्ड चौथी बार खिताब जीत नया इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी। भारत ने वर्ष 2026 का आगाज हैदराबाद में एफआईएच महिला विश्व कप क्वॉलिफायर्स के फाइनल में स्थान बना विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने के साथ किया।
कप्तान सलीमा टेटे और चीफ कोच मराइन की जुगलबंदी में भारत ने न्यूजीलैंड को ऑकलैंड में एफआईएच महिला नेशंस कप में हरा एफआईएच महिला प्रो हॉकी लीग में स्थान बनाया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने नीदरलैंड और बेल्जियम में एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में मेजबान नीदरलैंड से एक मैच हार पांचवें स्थान पर रहने के बाद जापान में 2026 एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीता। भारत अब वर्ष 2026 का समापन महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के साथ करने के साथ 2028 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक के लिए अपनी तैयारियों का आगाज करना चाहेगा। भारत की महिला एशियन चैंपियंस हॉकी 2026 के लिए तैयारियां जोरदार रही हैं और वह पूरे रंग में दिखाई दे रही है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने अभ्यास मैच में जापान को 4-1 से हराया।
राउंड रॉबिन लीग आधार पर 19 से 28 नवंबर तक होने वाली एएचएफ मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, भोपाल 2026 में दुनिया की सातवें और एशिया की दूसरे नंबर की टीम मेजबान भारत, दुनिया की चौथे और एशिया की पहले नंबर की टीम चीन, दुनिया की 11 वें व एशिया की तीसरे नंबर की टीम जापान, दुनिया की 15 वें व एशिया की चौथे नंबर की टीम दक्षिण कोरिया, दुनिया की 21वें और एशिया की पांचवें नंबर की टीम मलयेशिया के साथ दुनिया की 28वें और एशिया की छठे नंबर की टीम थाईलैंड सहित छह टीमें शिरकत करेंगी। सभी मैच भोपाल के नवनिर्मित बरखेड़ा नाथू इंटरनैशनल स्पोटर्स कॉम्पलेक्स के हॉकी स्टेडियम मे खेले जाएंगे। अब तक हुए कुल आठ संस्करणों में भारत और दक्षिण कोरिया ने सबसे ज्यादा तीन तीन बार और जापान ने दो बार खिताब जीता है। भारत साथ ही दो बार उपविजेता एक बार तीसरे स्थान पर रहा है। वहीं तीन बार की उपविजेता और तीन बार तीसरे और दो बार चौथे स्थान पर फिलहाल इस टूर्नामेंट में शिरकत करने वाली दुनिया की चौथे व शीर्ष वरीयता प्राप्त चीनी महिला टीम को अपने पहले खिताब का इंतजार है।
भारत को खिताब बरकरार रखने के लिए 15 अनुभवी खिलाड़ियों के साथ आने वाली जापान और 11 अनुभवी खिलाड़ियों के साथ आई दक्षिण कोरिया से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। भारत से 2026 एशियाई खेलों के फाइनल में हारने वाली अपनी टीम में बड़े बदलाव कर चीन 11 ऐसी खिलाड़ियों के साथ जिन्हें अभी अपने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी करियर का आगाज करना है।
भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान का आगाज पहले दिन 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ मैच से करेगी जबकि एशिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त टीम चीन टूर्नामेंट के उदघाटन मैच में थाईलैंड से भिड़ेगी। भारत 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से , 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को सबसे अहम मैच में चीन तथा 25 नवंबर को जापान से भिड़ेगा। राउंड रॉबिन लीग की समाप्ति पर शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। दोनों सेमीफाइनल 27 नवंबर को खेले जाएंगे जबकि फाइनल 28 नवंबर को होगा। ललरेमसियामी के इकलौते गोल से भारत ने चीन को 2026 एशियाई खेलों के हॉकी फाइनल में हरा का स्वर्ण पदक जीतने वाली अपनी टीम में चार बदलाव कर अनुभवी गोलरक्षक सविता, फुलबैक शिल्पी डबास, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुग को आराम देकर नवोदित गोलरक्षक बंसरी सोलंकी, फुलबैक ज्योति सिंह व पूजा साहू, उदीयमान तेज तर्रार स्ट्राइकर मुमताज खान को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चुनी गई टीम में शामिल किया है।
भारत ने पहली बार 2016 में सिंगापुर में चीफ कोच नील हागुड , 2023 में रांची में यांकी शॉपमैन और 2024 में राजगीर में हरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में महिला एशियन चैंपियन ट्रॉफी हॉकी खिताब था। भारत अब भोपाल में अपने घर में यदि लगातार तीसरी बार खिताब बरकरार रखता है तो शुएर्ड मराइन उसे अपने मार्गदर्शन में यह खिताब जिताने वाले चौथे चीफ कोच बन जाएंगे। लखनउ के सब्जी बेचने वाली बेटी मुमताज खान बेशक बेहतरीन स्ट्राइकर हैं लेकिन चीफ कोच शुएर्ड मराइन के मार्गदर्शन में उनकी रणनीति के मुताबिक ढाल कर उन्हें खुद को टीम की जरूरत के मुताबिक किसी भी पॉजिशन पर खेलने वाली खिलाड़ी बनना होगा।
चीफ कोच मराइन का महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी खिलाड़ियों को अलग अलग पॉजिशन पर आजमाने का मकसद भारतीय हॉकी टीम को और मजबूत बना किसी भी स्थिति में खेलने के लिए तैयार करना है। मराइन दरअसल किसी भी अहम खिलाड़ी के किसी भी बड़े टूर्नामेंट के दौरान घायल होकर बाहर हो जाने की स्थिति से निपटने के लिए टीम को जेहनी और व्यावहारिक रूप से तैयार करना चाहते हैं।
भारत के लिए खासतौर पर बतौर गोलरक्षक सविता और फुलबैक शिल्पी डबास और स्ट्राइकर ब्यूटी डुंगडुंग ने महिला हॉकी विश्व कप और उसके बाद 2026 के एशियाई खेलों में तब बेखौफ और बड़े जिगरे वाला खेल दिखाया था। उनकी जगह महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय महिला टीम में जगह पाने वाली गोलरक्षक बंसरी सोलंकी ,फुलबैक ज्योति सिह व पूजा साहू के साथ स्ट्राइकर मुमताज खान इसीलिए कसौटी पर होंगी। भारत के पास चोट से उबर चुकी नौजवान संगीता कुमारी और कणिका सिवाच के रूप में बेहतरीन स्ट्राइकर हैं लेकिन बहुत मुमकिन है कि चीफ कोच 2028 के ओलंपिक खेलों के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए बड़ा पूल बनाने के क्रम में इन दोनों को भी महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के बार आने वाले टूर्नामेंटों में आजमाए।
खिलाड़ियों को अलग अलग पॉजिशन पर आजमाने का मकसद टीम को और मजबूत बनानाः शुएर्ड मराइन
भारतीय महिला हॉकी टीम के चीफ कोच शुएर्ड मराइन का कहना है, ‘एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने के बाद हम अपना खेल और बेहतर करना चाहते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि हमारा प्रतिद्वंद्वी कौन है। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी खिलाड़ियों को अलग अलग पॉजिशन पर आजमाने का मेरा मकसद अपनी भारतीय महिला हॉकी टीम को और मजबूत बनाना है। यदि ओलंपिक जैसे बड़े टूर्नामेंट में कोई खिलाड़ी घायल या चोट के चलते बाहर हो जाती है तो तब अलग अलग पॉजिशन पर खेलने वाली खिलाड़ी हमारी खिलाड़ी बतौर टीम हमारे लिए बहुत उपयोगी रहेंगी। हमारी खिलाड़ियों को अब अपनी मूल पॉजिशन से हटकर अन्य पॉजिशन पर खेलना सीखना होगा। कोशिश यह देखने की होगी कि खिलाड़ियों को अलग अलग पॉजिशन पर आजमाने से हमारी भारतीय महिला हॉकी टीम क्या सुधार आता है। यह टूर्नामेंट 2026 सभी भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ियों के लिए यह दिखाने का मौका है कि वे क्या कुछ करने में सक्षम है। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के बाद छोटी ब्रेक के तुरंत बाद अर्जेंटीना और जर्मनी के खिलाफ खेलना आसान नहीं होगा क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रतिस्पर्द्धा बेहद कड़ी और अलग है। यह स्थिति केवल भारत ही नहीं बल्कि हर देश की है। आपको हालात के मुताबिक ढालने के लिए वक्त चाहिए। हमारी टीम की लड़कियों के लिए खुद को जल्द हालात के मुताबिक ढालना बड़ी चुनौती है।
हम अपने खेल का स्तर और उंचा उठाने को प्रतिबद्धः सलीमा टेटे
भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने कहा, ‘हमारी टीम बराबर अपने खेल का स्तर और उंचा करने में जुटी रहेंगी। जहां तक भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में भारतीय टीम के हॉकी टीम की तैयारियो की बात है बेशक हमारी टीम इसमें खिताब बरकरार रखने को बेताब है। हमारी महिला हॉकी टीम ने 2026 के एशियाई खेलों में चीन को फाइनल में हरा कर स्वर्ण जीता । चीन की टीम अब तक कभी भी महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी खिताब नहीं जीत पाई और वह बेशक इस बात इसके लिए पूरी तरह तैयार होकर आएगी। हम अपना ध्यान प्रतिद्वंद्वी टीमों पर नहीं, बल्कि हम अपना खेल खेलना चाहते हैं। निरंतर बढ़िया प्रदर्शन कर जीत की लय बनाए रखना चाहते हैं। हम अपने खेल का स्तर और उंचा उठाने को प्रतिबद्ध हैं। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हमारे लिए साल 2026 का आखिरी टूर्नामेंट है और हम इसका पूरा लुत्फ उठा कर एक दूसरे पर भरोसे को बनाए रखने उतरेंगे। चीफ कोच मराइन की रणनीति के मुताबिक हमारी खिलाड़ी अलग अलग पॉजिशन पर खेलने की चुनौती के लिए तैयार हैं।
भारत की 20 सदस्यीय टीम:
गोलरक्षक: बांसुरी सोलंकी व बिच्छू देवी खरीबम।
रक्षापंक्ति: निकी प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह सुशीला चानू, लथांतलुआंगी, पूजा साहू।
मध्यपंक्ति: ऋतुजा डडासो पिसल, सुनीलिता टोपो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका।
अग्रिम पंक्ति: नवनीत कौर,दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, ललरेमसियामी, मुमताज खान।
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी भोपाल 2026 के बृहस्पतिवार के मैच :
चीन बनाम थाईलैंडः दोपहर एक बजे से।
जापान बनाम दक्षिण कोरियाः दोपहर बाद सवा तीन बजे से।
उदघाटन समारोहः शाम साढ़े पांच बजे
भारत बनाम मलेशियाः शाम सात बजे से


