राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) ने भारत के सहकारी डेयरी आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। मणिपुर में महिला डेयरी सहकारी समितियों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने की पहल के लिए एनडीडीबी को प्रतिष्ठित इंटरनेशनल डेयरी फेडरेशन (आईडीएफ) डेयरी इनोवेशन अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है।
यह पुरस्कार न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित आईडीएफ वर्ल्ड डेयरी समिट 2026 में कृषि क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक स्थिरता के लिए नवाचार श्रेणी में प्रदान किया गया। एनडीडीबी की पहल ‘मणिपुर डेयरी इन इंडिया: बिल्डिंग ब्रिजेज थ्रू वुमेन-सेंट्रिक कोऑपरेटिव्स फॉर सस्टेनेबल लाइवलीहुड डेवलपमेंट’ को 23 देशों से प्राप्त 182 प्रविष्टियों में चुना गया।
एनडीडीबी के अध्यक्ष एवं आईडीएफ की भारतीय राष्ट्रीय समिति के राष्ट्रीय सचिव डॉ. मीनेश शाह ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव और आईएनसी-आईडीएफ के अध्यक्ष नरेश पाल गंगवार भी उपस्थित रहे। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) के प्रबंध निदेशक जयेन मेहता, कॉम्फेड (सुधा) के प्रबंध निदेशक शिरसाट कपिल और भारतीय डेयरी संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
यह पुरस्कार मणिपुर में महिला-केंद्रित डेयरी सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका मजबूत करने, आर्थिक समावेशन को बढ़ावा देने और विभिन्न समुदायों को साझा आर्थिक अवसरों से जोड़ने के प्रयासों को मान्यता देता है।
एनडीडीबी के पेशेवर प्रबंधन में मणिपुर डेयरी का पुनरुद्धार और संस्थागत मजबूती की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके तहत सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने, पशुधन उत्पादकता बढ़ाने, आधुनिक दूध संग्रह तकनीक अपनाने और संगठित विपणन नेटवर्क का विस्तार करने पर ध्यान दिया जा रहा है।
यह पहल श्वेत क्रांति 2.0 के उद्देश्यों को भी मजबूती देती है, जिसके तहत डेयरी सहकारी समितियों का विस्तार और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। मणिपुर की यह उपलब्धि दर्शाती है कि तकनीक, पेशेवर प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से डेयरी क्षेत्र को मजबूत कर ग्रामीण परिवारों की आय और आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।


