केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर में खरीफ फसलों की कटाई, मौसमी परिस्थितियों और रबी सत्र की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत देने में किसी तरह की प्रक्रियात्मक देरी न हो और केंद्र सरकार राज्यों के साथ समन्वय बनाकर हरसंभव सहायता सुनिश्चित करे।
बैठक में बताया गया कि मूंग और सोयाबीन सहित प्रमुख खरीफ फसलों की कटाई अंतिम चरण में है। कृषि मंत्री ने कटाई के बाद खेतों में उपलब्ध नमी का उपयोग कर रबी बुआई में तेजी लाने को कहा। सीमित सिंचाई वाले क्षेत्रों में किसानों को चना, सरसों, मसूर और मोटे अनाज जैसी कम पानी और कम लागत वाली फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। साथ ही जलवायु अनुकूल और अधिक तापमान सहने वाले उन्नत बीज किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा में बताया गया कि रबी सत्र के लिए यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीके और प्रमाणित बीजों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला स्तर तक निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्यों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़, अत्यधिक वर्षा और सूखे से प्रभावित किसानों को एनडीआरएफ के तहत शीघ्र राहत तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दावों का प्राथमिकता से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की स्थिति की हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर राज्य सरकारों से सीधे संवाद किया जाएगा।


