Trending News

हैमिल्टन में लगातार हो रही बारिश के चलते भारत-न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे रद्द हुआ मेसी ने लगातार दूसरी बार MLS गोल्डन बूट जीता 1969 में 8 गांवों से शुरू हुई बनास डेयरी आज 8 राज्यों में कारोबार के साथ एशिया की सबसे बड़ी दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्था बनकर उभरी वायु सेना में ऑफिसर बनने का मौका, AFCAT 2027 का नोटिफिकेशन जारी, 12 नवंबर से करें अप्लाई बांग्लादेश के राष्ट्रपति ने सहकारी क्षेत्र में सुधार के लिए अमूल मॉडल अपनाने और मिल्क वीटा के विस्तार पर जोर दिया तेलंगाना एपेक्स बैंक RuPay Select Debit Card लॉन्च करने वाला देश का पहला राज्य सहकारी बैंक बना, ग्राहकों को मिलेंगी प्रीमियम बैंकिंग और एयरपोर्ट लाउंज जैसी सुविधाएं आंध्र प्रदेश में PACS चुनाव की तैयारियां शुरू, सरकार ने 2026 के अंत तक सहकारी समितियों के चुनाव कराने के निर्देश दिए हैमिल्टन में लगातार हो रही बारिश के चलते भारत-न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे रद्द हुआ मेसी ने लगातार दूसरी बार MLS गोल्डन बूट जीता 1969 में 8 गांवों से शुरू हुई बनास डेयरी आज 8 राज्यों में कारोबार के साथ एशिया की सबसे बड़ी दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्था बनकर उभरी वायु सेना में ऑफिसर बनने का मौका, AFCAT 2027 का नोटिफिकेशन जारी, 12 नवंबर से करें अप्लाई बांग्लादेश के राष्ट्रपति ने सहकारी क्षेत्र में सुधार के लिए अमूल मॉडल अपनाने और मिल्क वीटा के विस्तार पर जोर दिया तेलंगाना एपेक्स बैंक RuPay Select Debit Card लॉन्च करने वाला देश का पहला राज्य सहकारी बैंक बना, ग्राहकों को मिलेंगी प्रीमियम बैंकिंग और एयरपोर्ट लाउंज जैसी सुविधाएं आंध्र प्रदेश में PACS चुनाव की तैयारियां शुरू, सरकार ने 2026 के अंत तक सहकारी समितियों के चुनाव कराने के निर्देश दिए

हार्मर के स्पिन के जादू से दक्षिण अफ्रीका ने हारी बाजी पलट भारत से पहला टेस्ट 30 रन से जीता

दक्षिण अफ्रीका ने कोलकाता टेस्ट में भारत को 30 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। स्पिनर साइमन हार्मर ने दोनों पारियों में कुल आठ विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। भारत 124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 93 पर ढेर हो गया।

Published: 23:48pm, 16 Nov 2025

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजे गए वाशिंगटन सुंदर की 92 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 31 रन की संकल्पपूर्ण पारी और अक्षर पटेल की 17 गेंदों पर दो छक्कों व एक चौके की बदौलत 26 रन की तेज पारी भी भारत के काम नहीं आई। कप्तान शुभमन गिल का गर्दन में ऐंठन के चलते पहली पारी में मात्र तीन गेंद खेलकर एक चौका जड़ने के बाद रिटायर्ड हर्ट होकर दोनों पारियों में बल्लेबाजी न कर पाना भारत को बहुत अखरा। ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर (4/21) ने स्पिन का जाल बुनकर हारी बाजी पलटते हुए जीत के लिए 124 रन बनाने के लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की दूसरी पारी मात्र 93 रन पर समेट दी और मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहला क्रिकेट टेस्ट रविवार को तीसरे दिन चायकाल से पहले ही सनसनीखेज ढंग से 30 रन से जिता कर दो मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे कर दिया।

दक्षिण अफ्रीका ने 15 बरस में पहली बार भारत को किसी टेस्ट मैच में हराया। मैन ऑफ द मैच साइमन हार्मर ने पहली पारी में मात्र 30 रन देकर चार विकेट चटकाने के बाद दूसरी पारी में भी चार विकेट चटकाने सहित पहले टेस्ट में कुल 51 रन देकर आठ विकेट लिए। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी क्रिकेट टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में शुरू होगा।

दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के 159 रन के जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 189 रन बनाकर 30 रन की बढ़त हासिल की। दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे दिन रविवार को अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 93 रन से आगे बढ़ाई। वह भारत से मात्र 63 रन आगे था और उसके तीन विकेट बाकी थे। कप्तान तेम्बा बाउमा (अविजित 55 रन, 136 गेंद, चार चौके) के अर्द्धशतक और कार्बिन बॉश (25 रन, 37 गेंद, एक छक्का, दो चौके) के साथ उनकी आठवें विकेट की 44 रन की साझेदारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 153 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 124 रन का लक्ष्य दिया। भारत के स्पिनरों के खिलाफ खासतौर पर बॉश ने आक्रामक रवैया अपनाया और बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव की गेंद पर एक छक्का जड़ा। बाउमा ने अपने पिछले 11 टेस्ट मैचों में सातवां अर्द्धशतक जमाया।

भारत ने दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत ही गंवा दी। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (0 रन, 4 गेंद) और केएल राहुल (1 रन, 6 गेंद) के रूप में दोनों विकेट मात्र दो रन पर गिर गए। इन दोनों को दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को येनसन ने ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों पर विकेटकीपर काइल वेरेनी के हाथों कैच कराया। भारत ने लंच तक दो विकेट पर मात्र दस रन बनाए थे।

बाएं हाथ के स्पिनर साइमन हार्मर ने लंच के बाद अपने दो ओवरों में पहले ध्रुव जुरैल (13 रन, 34 गेंद, तीन चौके) को ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर ललचाकर बॉश के हाथों डीप मिडविकेट पर कैच कराया और अगले ओवर में उपकप्तान ऋषभ पंत (2 रन, 13 गेंद) को मिडल व लेग स्टंप पर घूमती गेंद पर ड्राइव खेलने को मजबूर कर खुद लपक लिया। भारत का स्कोर चार विकेट पर 38 हो गया।

हार्मर के 11वें ओवर की पहली यॉर्कर को रवींद्र जडेजा (18 रन, 26 गेंद, 2 चौके) ने बचाव के अंदाज में खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके पैड पर लगी और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दिया। जडेजा ने रिव्यू लिया, लेकिन फैसला नहीं बदला और भारत ने पांचवां विकेट 64 पर खो दिया। उस समय हार्मर का गेंदबाजी विश्लेषण 11-4-16-3 था।

कामचलाऊ ऑफ स्पिनर एडन मरक्रम की ऑफ स्टंप पर पड़कर सीधी आती गेंद को वाशिंगटन सुंदर (31 रन, 92 गेंद, 2 चौके) ने रक्षात्मक ढंग से खेलने की कोशिश की और पहली स्लिप में हार्मर को कैच थमा दिया। भारत ने छठा विकेट 72 पर खोया। ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर की लेग स्टंप पर तेजी से घूमती गेंद पर कुलदीप यादव (1 रन) रक्षात्मक खेलते हुए चूके और गेंद उनके पैड पर लगी। अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू दिया और भारत ने सातवां विकेट 77 पर गंवाया।

अक्षर पटेल (26 रन) ने बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज के नौवें ओवर की शुरुआती चार गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 16 रन बटोरे, लेकिन पांचवीं गेंद को फिर हवा में खेलने की कोशिश में वह मिडविकेट पर कप्तान तेम्बा बाउमा को कैच थमा बैठे। भारत ने आठवां विकेट 93 पर खोया। मोहम्मद सिराज (0 रन, 1 गेंद) मरक्रम की गेंद पर ड्राइव करने के प्रयास में मिड ऑफ पर कैच दे बैठे और नौवां विकेट भी उसी स्कोर पर गिरा। भारत की दूसरी पारी 93 पर समाप्त हो गई, क्योंकि कप्तान शुभमन गिल गर्दन में ऐंठन के कारण बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।

इससे पहले रविवार सुबह दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 93 से आगे शुरू की। दूसरे दिन भारतीय स्पिनरों के दबदबे को तीसरे दिन दोहराया नहीं जा सका, तो अस्वस्थ कप्तान शुभमन गिल की जगह कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आक्रमण पर लगाया। बुमराह ने ऑफ स्टंप के बाहर से तेजी से आती गेंद पर बॉश को बोल्ड कर उनकी और बाउमा की साझेदारी तोड़ी और दक्षिण अफ्रीका का स्कोर आठ विकेट पर 135 किया।

मोहम्मद सिराज ने पारी के 54वें ओवर की तीसरी गेंद, एक शानदार यॉर्कर पर साइमन हार्मर (7 रन, 23 गेंद) को बोल्ड किया और इसी ओवर की आखिरी गेंद पर केशव महाराज (0 रन, 3 गेंद) को रिवर्स स्विंग होती यॉर्कर पर एलबीडब्ल्यू कर दक्षिण अफ्रीका की पारी समेट दी।

भारत के स्पिनर रवींद्र जडेजा (4/50), कुलदीप यादव (2/30) और अक्षर पटेल (1/36) ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में सात विकेट साझा किए, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (2/2) और जसप्रीत बुमराह (1/24) ने निचले क्रम पर चोट पहुँचाई। मोहम्मद सिराज ने 2025 में अपना 41वां टेस्ट विकेट लिया और अब वह सबसे अधिक विकेट लेने वाले जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी (42 विकेट) से केवल एक विकेट पीछे हैं।

‘हमें लक्ष्य हासिल करना चाहिए था’

“इस तरह के टेस्ट मैच के बाद आप बहुत सोच-विचार नहीं कर सकते। हमें पहले टेस्ट में जीत का लक्ष्य हासिल करना चाहिए था। दबाव लगातार बढ़ता गया। हम इसका लाभ नहीं उठा पाए। तेम्बा और बॉश ने सुबह अच्छी साझेदारी की और इस साझेदारी ने हमें बहुत नुकसान पहुंचाया। पिच से मदद मिल रही थी। ऐसी मुश्किल पिच पर 120 का लक्ष्य भी कठिन हो सकता है, लेकिन हमें दबाव झेलकर जीत हासिल करनी चाहिए थी। सुधार की बात नहीं कही है, लेकिन हम मजबूत वापसी करेंगे।” — ऋषभ पंत, उपकप्तान, भारत

YuvaSahakar Desk